एक्ट्रेस और पूर्व सांसद जयाप्रदा पर कभी भी गिरफ्तारी हूँ सकती है। जयाप्रदा को गिरफ्तार करने के लिए जिला पुलिस मुंबई और दिल्ली की खाक छानने के बाद हैदराबाद पहुंची है लेकिन पुलिस को अभी तक सफलता हासिल नहीं हुई है।
पुलिस को दो मामलों में 10 जनवरी तक उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करना है। जयाप्रदा के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन दोनों मामले 2019 के लोकसभा चुनाव से जुड़े हैं। जयाप्रदा ने बीजेपी के टिकट पर उत्तरप्रदेश की रामपुर सीट से चुनाव लड़ा था।
उनके खिलाफ स्वार थाने में एक मामला दर्ज किया गया है। जिसमें उन पर आचार संहिता के बावजूद 19 अप्रैल को नूरपुर गांव में एक सड़क का उद्घाटन करने का आरोप लगाया गया। दूसरा मामला केमरी थाने का है, जिसमें उन पर पिपलिया मिश्र गांव में आयोजित एक जनसभा में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच पूरी कर कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया।
मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए विशेष न्यायालय (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में हो रही है। इन मामलों में वह पिछली कई तारीखों पर कोर्ट में पेश नहीं हुईं, जिस पर उनके खिलाफ चार बार गैर जमानती वारंट जारी हो चुका है। कोर्ट ने पुलिस अधीक्षक को गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित करने का सख्त आदेश दिया है। पुलिस दावा कर रही है कि पूर्व सांसद को जल्द ही गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।