मेरठ जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक महिला ने जेल से 44 दिन बाद जमानत पर रिहा होने के बाद नौचंदी थाने में पुलिसकर्मियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले में महिला ने SSP कार्यालय को शिकायती पत्र सौंपकर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले की पड़ताल कर रहे SP सिटी का कहना है कि महिला के आरोप निराधार हैं।
महिला ने बताया कि नौचंदी मैदान में मेला लगाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते पुलिस ने उसे 45 दिन पहले गिरफ्तार किया था। एक रात महिला को नौचंदी थाने में रखा गया। महिला का आरोप है कि थाने में एक उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। गुरुवार को महिला ने SSP कार्यालय पहुंचकर एक उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ तहरीर दी।
SSP कार्यालय में शिकायत की सुनवाई कर रही सीओ कैंट ने महिला को मामले की जांच का आश्वासन दिया है। आरोप है कि सामूहिक दुष्कर्म की घटना को थाना परिसर के हवालात से निकालकर एक कमरे में अंजाम दिया गया। जानकारी के मुताबिक महिला ने पुलिसकर्मियों पर पैसे लेने का भी आरोप लगाया है।
मामले को लेकर एसपी सिटी का कहना है कि महिला को ब्लैक मेलिंग के आरोप में जेल भेज दिया गया था। प्रारंभिक जांच में महिला द्वारा लगाए गए आरोप झूठे हैं। थाने में CCTV कैमरे भी लगे हैं। जांच के दौरान CCTV फुटेज भी चेक किया जाएगा।