उत्तर प्रदेश के कानपुर में कल्याणपुर थाने की पुलिस की दबंगई ने एक सब्जी विक्रेता की पूरी जिंदगी बर्बाद कर दी। पुलिस वाले की हरकत से बेचारा अब अपने दोनों पैर गंवा चुका है। दरअसल, पुलिसकर्मी ने थाने के सामने सड़क किनारे एक टमाटर बेचने वाले के तराजू को उठाया और पास के रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। सब्जी वाला उसे लेने गया तो उसके दोनों पैर ट्रेन की चपेट में आने से कट गए। इस मामले में आरोपी कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। ये घटना 2 दिसंबर शाम की बताई जा रहीं हैं।


सब्जी विक्रेता को आसपास के लोगों ने गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। कल्याणपुर थाने की पुलिस आए दिन विवादों के घेरे में रहती है। आरोप है कि वह फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले गरीबों से पैसे भी वसूलती है, जिसकी शिकायत कई बार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की जा चुकी है।
 
हेड कांस्टेबल को किया निलंबित-
 
कानपुर के DCP विजय ढुल ने कहा कि असलम नाम का युवक शुक्रवार शाम करीब चार बजे ट्रेन की चपेट में आने से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जांच के दौरान पता चला कि स्थानीय कल्याणपुर पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया था। इसी बीच हेड कांस्टेबल राकेश कुमार द्वारा लापरवाही बरती गई। जिससे यह स्थिति पैदा हो गई और असलम ट्रेन की चपेट में आ गया। कांस्टेबल राकेश कुमार को तत्काल निलंबित कर जांच के आदेश दे दिए गए है।