मप्र वन महकमे की ओर से आयोजित वन मेला इस बार भोपाल हाट में आयोजित किया गया है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल 24 जनवरी को शाम 5 बजे 'लघु वनोपज से समृद्धि' थीम पर आधारित वन मेले का शुभारंभ करेंगे।

मेले में 120 स्टाल होंगे, जिसमें मप्र के 19 वनधन केंद्र एवं 55 जिला यूनियन के स्टाल मुख्य रूप से रहेंगे। साथ ही मप्र व छत्तीसगढ़ के हर्बल उत्पाद भी प्रदर्शित होंगे। फूड जोन में आगंतुक मप्र के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ श्रीअन्न से निर्मित विभिन्न व्यंजनों का भी स्वाद ले सकेंगे।

मेले में चिकित्सा परामर्श के लिए ओपीडी के 20 स्टाल स्थापित किए जा रहे है। इसमें 40 आयुर्वेदिक वैद्यों एवं चिकित्सकों की ओर से निशुल्क परामर्श प्रदान किया जाएगा। 25 जनवरी को ‘लघुवनोपज से समृद्धि विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन होगा। विभिन्न विषय प्रमुखों द्वारा आदिवासी संग्रहकर्ताओं और समिति प्रबन्धको को लघु वनोपज से निर्मित उत्पादों के मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और विपणन की ओर से जनजातीय उद्यमिता के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।

प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा

सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है। इसी के तहत विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं  की ओर से चित्रकला, इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक, सोलो और ग्रुप गायन, नृत्य अन्य प्रतियोगिताए होंगी।