मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में तीन साल का बच्चा हमजा अपने पिता के साथ मां की शिकायत करने थाने पहुंचा था. बच्चे की शिकायत थी कि मम्मी चॉकलेट चोरी करती है, मुझे मारती है. जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था. राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तीन साल के बच्चे को साइकिल और चॉकलेट भेंट की. 

पुलिस द्वारा लड़के को उपहार में दिए जाने के बाद राज्य के गृह विभाग ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसका वीडियो भी साझा किया. वीडियो में बच्चा पुलिस और परिवार वालों की मौजूदगी में खुशी-खुशी साइकिल चलाते नजर आ रहा है.

बच्चा रविवार के दिन बुरहानपुर के ददतलाई थाने में अपनी मां के खिलाफ सब इंस्पेक्टर प्रियंका नायक से शिकायत दर्ज कराने पहुंचा था. बच्चे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं.

वीडियो में बच्चा दावा कर रहा है कि माँ ने उसकी कैंडी 'चुराई', और उसे मारती भी हैं. ये शिकायत निरीक्षक कागज पर लिख भी रही है. इंस्पेक्टर ने बताया कि जब पुलिस अधिकारी ने बच्चे से शिकायत पर दस्तखत करने को कहा तो उसने कागज पर कुछ लाइनें लिख दीं.

लड़के के पिता का कहना है कि बच्चे ने नहाने के बाद अपने माथे पर काला टीका लगाने से इनकार कर दिया, जिसके लिए उसकी मां ने उसे डांटा था. बच्चा तब अपनी मां के खिलाफ पुलिस से शिकायत करने पर अड़ गया था.

वीडियो वायरल होने के बाद नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को वीडियो कॉल पर बच्चे से बात की और उससे पूछा कि वह क्या चाहता है? साथ ही उन्होंने बच्चे के लिए चॉकलेट और एक साइकिल भेजने का वादा भी किया. बाद में कुछ पुलिसकर्मियों ने लड़के को तोहफे दिए और कहा कि मंत्री ने उसके लिए तोहफे भेजे हैं.