भोपाल: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मतदान होगा. राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए मल्लिकार्जुन खड़के और शशि थरूर के बीच मुकाबला है. गांधी परिवार के परोक्ष समर्थन के बावजूद भी 'जी-23' के सदस्य शशि थरूर के पक्ष में वोट पड़ने की संभावना है. प्रदेश से 502 मतदाता हैं, जिसमें से 10% वोट थरूर के पक्ष में पड़ने की संभावना है. यह बात अलग है कि सोशल मीडिया पर खड़के पर थरूर का पलड़ा भारी है.

17 अक्टूबर सोमवार को जारी मतदान के लिए राज्य कांग्रेस कमेटी ने सभी प्रदेश प्रतिनिधियों को मतदान में हिस्सा लेने के लिए व्हीप जारी किया है. राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर भोपाल आए और कांग्रेस दफ्तर में प्रदेश प्रतिनिधियों से चर्चा भी की. दिलचस्प पहलू यह है कि दोनों ही उम्मीदवारों ने कांग्रेस दफ्तर में प्रदेश प्रतिनिधियों के नाम पर आम कार्यकर्ताओं कोई भी संबोधित कर वोट मांगे हैं.

इन बैठकों में प्रदेश प्रतिनिधियों की उपस्थिति 25 से 30 फीसदी ही रही है. यहां यह भी उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के के लिए बनी मतदाता की सूची भी अत्यंत गोपनीय रखी गई. सूत्रों की माने तो दिग्विजय सिंह समर्थक मतदाताओं का झुकाव शशि थरूर के पक्ष में अधिक दिखाई दे रहा है. इन्हीं सूत्रों की माने तो थरूर को प्रदेश से 60-70 से अधिक मत मिलने की संभावना है. जबकि मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम पर वोट मांगने भोपाल आए प्रमोद तिवारी ने प्रदेश प्रतिनिधियों से शत प्रतिशत वोट खड़के के पक्ष में करने की अपील की थी.

सोशल मीडिया पर थरूर सबसे आगे-

गांधी परिवार का ब्रांड होने के नाते मल्लिकार्जुन खड़के भले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव जीत जाएं किंतु सोशल मीडिया पर चल रहे ट्रेंड के अनुसार शशि थरूर सबसे आगे हैं. थरूर के ट्विटर हैंडल के फॉलोअर्स की संख्या 84 लाख है. जबकि खड़के को एक लाख से कम लोग फॉलो करते हैं. पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रतिनिधि स्वयं बताती हैं कि गांधी परिवार का ब्रांड होने के कारण वे वोट खड़के को करेंगी किंतु उनका पूरा परिवार थरूर को फॉलो करता है. वे स्वयं भी शशि थरूर के विचारों से अधिक प्रभावित हैं.