'मीका दी वोटी' शो को ख़त्म हुए भी 3 महीने बीत गए हैं लेकिन अभी मीका की शादी की कोई ख़बर नहीं आई है। शो में एक्ट्रेस आकांक्षा पुरी को मीका ने अपनी दुल्हनियां के रूप में चुना था। आकांक्षा से इस बारे में जब भी पूछा गया तो वह हर बार टालमटोल करती नजर आईं। इस बार उन्होंने ऐसा जवाब दिया जो फैंस को निराश ही करेगा।
एक्ट्रेस से जब उनके फ्यूचर प्लान्स के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा- हमने शो में कहा था कि हम सालों से दोस्त हैं और इसे जारी रखेंगे। हम बस दोस्त हैं। कोई कपल नहीं। फिर जब आकांक्षा से पूछा गया कि क्या शो एक कपल को खोजने के लिए था और आप दोनों ने एक-दूसरे को माला भी पहनाई। लोगों ने यह भी सोचा था कि अब अगले कुछ महीनों में आप अपनी दोस्ती को एक नए मुकाम पर ले जाएंगे?
आकांक्षा पुरी ने इसका जवाब देते हुए कहा- हां, हमें स्वयंवर में पार्टनर चुनना था, इसलिए हमने एक-दूसरे को इसलिए चुना क्योंकि हम एक-दूसरे को सालों से जानते हैं। हमने कभी नहीं कहा कि हम प्यार में थे या हमने कभी अपना रोमांस दिखाया। हम इसे लेकर एकदम क्लियर थे कि हमें एक साथी की जरूरत है। हम उन लोगों को महत्व देते है जो हमारे दोस्त होते हैं। लेकिन शो के बाद हमारे बीच कुछ नहीं बदला। हम आज भी वही पुराने दोस्त हैं जो हम थे।
आकांक्षा ने आगे कहा, 'हम एक-दूसरे के लिए प्रोटेक्टिव हैं और एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। हम दोनों को ही जीवन में बहुत बुरे अनुभव हुए हैं, इसलिए हमें कोई जल्दी नहीं है। हम कभी भी हाथ पकड़े किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होते हैं क्योंकि हम जानते हैं कि हम कहां खड़े हैं। इसके अलावा फिलहाल हम काम में व्यस्त हैं। दोनों वर्कोहॉलिक हैं। हम एक दूसरे की प्रोफेशनल कमिटमेंट्स को समझते हैं।
इस साल के चर्चित शो मीका सिंह के स्वयंवर ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। स्वयंवर में मीका दी वोटी के चुने जावने के बाद सभी की निगाहें शादी की तारीख पर टिकी थीं, कि कब ये दोनों सात फेरे लेंगे लेकिन अब ऐसा होता नज़र नहीं आ रहा जिससे यह माना जा रहा है कि यह शो रियलिटी से बहुत दूर था।