MP Weather News: मानसून की विदाई के बाद अब हल्की ठंडी हवाओं के साथ ठंड की शुरुआत हो गई है. हाल ही में मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के लिए ‘कोल्ड अलर्ट’ जारी किया है. मौसम विभाग की मानें तो मौजूदा समय में पूरे प्रदेश में हवा का रुख पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी की तरफ है.

वहीं, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने तूफान से प्रदेश में ठंडी हवाएं भी महसूस हो रही है. इससे मध्य एवं ऊंचाई वाले इलाकों में बादल छाए हुए हैं. इसके साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास सक्रिय है.

जिसका असर बुधवार के दिन से शुरू होकर अगले 2 दिनों तक प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर दिखाई देगा. हालांकि, पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया. वहीं, अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा. 

सबसे कम तापमान की बात करें तो छिंदवाड़ा में गिरावट के बाद 14.4 सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा उमरिया में 14.6 और नौगांव में 14.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है. दूसरी तरफ अधिकतम तापमान की बात करें तो 34. 2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म जिला दमोह रहा. राजधानी भोपाल में 32.7, ग्वालियर में 33.5, इंदौर में 31.7 और जबलपुर में 31 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.