फिल्म 'आदि पुरुष' का टीज़र देखने के बाद को लोगों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। हर तरफ फिल्म के डायरेक्टर ओम राउत, एक्टर प्रभास और सैफ अली खान की आलोचना की जा रही है।कोई फिल्म के वीएफएक्स को असंगत बता रहा है, तो किसी को एक्टर्स के लुक और कॉस्टयूम को लेकर आपत्ति है। फिल्म में दिखाए गए सीन पर भी सवाल उठाए जा रहे है।

इस सब के बीच सोशल मीडिया पर 'हैशटैग राम सेतु' ट्रेंड करने लगा। जिसके बाद सभी के मन में सवाल उठने लगे हैं कि अक्षय कुमार की फिल्म 'राम सेतु' और प्रभास की फिल्म 'आदिपुरुष' में क्या रिश्ता है। दरअसल, 'आदिपुरुष' से पहले अक्षय कुमार की फिल्म 'राम सेतु' सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। दोनों फिल्में रामायण से प्रेरित हैं। यही वजह है कि दोनों फिल्मों की तुलना की जा रही है।

हालांकि, राम सेतु एक अलग तरह का एक्शन-एडवेंचर है। तो वहीं आदिपुरुष मूल रूप से 'रामायण' पर आधारित है। ऐसे में जब 'आदिपुरुष' के निर्देशक ओम राउत से दोनों फिल्मों के बीच तुलना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कुछ घुमा-फिराकर जवाब दिया।

उन्होंने कहा, 'रामायण हमारा इतिहास है, और मैं भगवान राम का भक्त बनकर बहुत खुश हूं। क्योंकि 'राम सेतु' के जरिए सभी समझ जाएंगे कि जो कुछ हुआ वह काल्पनिक नहीं बल्कि वास्तविक था। युवा पीढ़ी को पता चलेगा कि रामायण हमारा वास्तविक इतिहास है, कोई मिथक नहीं।'
 
ओम राउत ने आगे कहा, 'मैंने अक्षय से भी कहा था कि मुझे गर्व है कि वो ये फिल्म ला रहे हैं। क्योंकि ये हमारे इतिहास को साबित करता है। इससे पता चलता है कि हमारी राम जन्मभूमि, पंचवटी और राम सेतु वास्तविक हैं।

गौरतलब है, कि 'राम सेतु' इसी साल दिवाली पर रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ जैकलीन और नुसरत भरूचा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। दिवाली पर रिलीज हो रही फिल्म का मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर अजय देवगन की 'थैंक गॉड' से होने जा रहा है।