सतना शहर के एक निजी संस्थान में कार्यरत एक युवती पर चाकू से हमला किया गया। लड़की को घर छोड़ने के बहाने एक ऑटो चालक उसे सुनसान सड़क पर ले गया और चाकू मार दिया। देर रात युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
रोज की तरह गुरुवार की शाम युवती साढ़े सात बजे घर के लिए निकली। इसके बाद ऑटो चालक अनुराग वीवर उसे मिला और युवती को घर छोड़ने को कहा। लड़की ऑटो में बैठी तो अनुराग उसे धवारी न ले जाकर बायपास की तरफ चल दिया। उसने भटनवाड़ा के पास सुनसान सड़क पर ऑटो रोका। जब लड़की ने धवारी की जगह भटनवाड़ा लाने का विरोध किया और सुनसान जगह पर ऑटो रोकने का कारण पूछा तो अनुराग ने चाकू निकालकर लड़की पर हमला कर दिया। लड़की ने हाथ से उसे रोकने की कोशिश की, तो ऑटोचालक ने लड़की के पेट में चाकू घोंप दिया।
युवती के हाथ और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। युवती के रोने की आवाज सुनकर भटनवाड़ा के सरपंच राजू यादव वहां पहुंचे। उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। देर रात युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका कहना है कि दो महीने पहले अनुराग से उसकी मुलाकात हुई थी। इसलिए वह ऑटो में उसके साथ बैठ गई। लेकिन उसे नहीं पता था कि अनुराग किस इरादे से उसके पास आया था। युवती ने जबरदस्ती किए जाने के बारे में कुछ नहीं कहा