पन्ना। किस्मत के खेल कैसे निराले होते हैं यह एक बार फिर साबित हो गया है। एक गरीब आदिवासी महिला जंगल में लकड़ी बीनने गई तो उसे चमकीली सी कोई चीज दिखाई दी। महिला उस चमकीले पत्थर को कांच का टुकड़ा समझकर उठाकर ले लाई. जब पति को यह पत्थर दिखाया तो वह सुखद आश्चर्य से भर उठा. हालांकि उन्होंने कभी हीरा देखा नहीं था इसलिए यकीन नहीं हो रहा था पर मन में यह बात आ गई थी कि यह हीरा हो सकता है. वे पन्ना के हीरा कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने पुष्टि कर दी कि महिला को बेशकीमती हीरा मिला है। कांच का वह टुकड़ा हीरा ही था जिसकी वेल्यू लाखों की थी।
वैसे पन्ना जिले में ऐसे अनेक किस्से होते रहे हैं जब अचानक हीरा मिलने से कोई मालामाल हो गया हो। बुधवार को भी ऐसा ही एक वाकया हुआ. पन्ना शहर के पास के गांव पुरुषोत्तमपुर की 50 साल की एक आदिवासी महिला गेंदा बाई जंगल में लकड़ी बीनने गई थी. वहां उसे चमकीली सी कोई चीज दिखाई दी जिसे कांच का टुकड़ा समझकर वे उठा लाई. आदिवासी महिला के घरवाले उस चमकीले पत्थर को देखकर खुशी से भर उठे. वे समझ गए थे कि यह कोई साधारण चमकीला पत्थर नहीं है. इसे लेकर वे हीरा कार्यालय पहुंचे तो मालूम चला कि यह 4.39 कैरेट का जेम क्वालिटी का बेशकीमती हीरा है। महिला ने अपने पति परमलाल के साथ पन्ना कलेक्ट्रेट में स्थित हीरा कार्यालय में हीरा जमा भी करा दिया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख आंकी जा रही है।
बाद में गेंदा बाई ने बताया कि तीन-चार दिन पहले वह पुखरी जंगल में लकड़ी लेने के लिए गई थी। रास्ते में चमकती सी चीज दिखाई दी जिसे उठाकर वह घर ले आई थी। हीरा कभी देखा नहीं था इसलिए इसे कांच का टुकड़ा समझकर रख दिया था। मेरे पति परमलाल को कुछ अंदेशा हुआ तो उन्होंने पन्ना चलकर इसे दिखाने की बात कही थी। जब हीरा ऑफिस में इसे दिखाया तब पता चला कि वास्तव में यह हीरा है। गेंदाबाई के 8 बच्चे हैं जिनमें छह बेटे और दो बेटियां हैं। 20 साल की बड़ी बेटी की शादी करना है पर पैसा नहीं होने के कारण शादी नहीं कर पा रहे थे। छोटी बेटी क्रांति 15 साल की है। पति परमलाल मजदूरी करते हैं। अब गेंदाबाई दोनों बच्चियों की धूमधाम से शादी करने की बात कह रही है.