सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा पर एक महिला ने छेड़खानी व बदसलूकी का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि वह अपने नवजात बच्चे के साथ रेवांचल ट्रेन में भोपाल जा रही थी उसी दौरान विधायक ने उसके साथ बदसलूकी व छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया। कोतमा विधायक सुनील सर्राफ भी विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के साथ बताये जा रहे हैं।
महिला का आरोप है कि दोनों विधायक नशे में थे। जीआरपी से मदद मांगने के बाद महिला को भोपाल पहुंचाया गया। महिला ने दोनों विधायकों के खिलाफ जीआरपी थाना हबीबगंज में शिकायत दर्ज कराई है। मामला सीट को लेकर हुए विवाद का भी बताया जा रहा है।
रेवाचंल एक्सप्रेस में हुई इस घटना के बाद कांग्रेस में हड़कंप है। घटना गुरुवार-शुक्रवार की रात डेढ़ बजे की बताई जा रही है। ट्रेन के एच-1 कोच में सवार एक महिला अपने छह माह के बाचे के साथ सफर कर रही थी। विधायक भी इससे कोच में थे। महिला ने विधायक के अभद्र व्यवहार की जानकारी अपने पति को फोन पर दी।
इसके बाद महिला के पति ने रेल मंत्रालय, रेल मंत्री, प्रधानमंत्री ऑफिस, डीआरएम, आरपीएफ, जीआरपी को ट्वीट करते हुए पूरे घटनाक्रम के बारे में बताते हुए मदद मांगी थी। इसके बाद जिसके बाद सागर स्टेशन पर रात करीब डेढ़ बजे जीआरपी और आरपीएफ पुलिस का बल पहुंच गया।
वहीं विधायक सिद्धार्थ कुशवाह ने कहा है कि महिला उनकी सीट पर लेटी हुईं थी। मैं उन्हें जानता तक नहीं। मैंने गार्ड और अटेंडर से कहा था कि मुझे दूसरी सीट उपलब्ध करा दें। महिला ने इस तरह के आरोप क्यों लगाए हैं, मुझे इसकी जानकारी नहीं है।