INDIA vs NDA: लोकसभा चुनाव-2024 की तैयारियां तेज़ हो गई हैं. बेंगलुरु में विपक्षी दलों की दूसरी दो दिवसीय (17-18 जुलाई) बैठक भी खत्म हो गई है, जिसमें 26 दल शामिल हुए थे. इस बैठक में विपक्षी एकजुटता को ‘INDIA’ नाम दिया गया. दिल्ली में बीजेपी के नेतृत्व में NDA ने भी कल (18 जुलाई) अपना शक्ति प्रदर्शन किया. 

इस बैठक में 38 दल शामिल हुए थे. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी एकजुटता पर तीखा हमला बोलते हुए एनडीए में नए दलों का स्वागत किया. एक तरफ INDIA और NDA में अपने-अपने कुनबे को मजबूत करने के लिए बैठकों का दौर जारी है. वहीं, दूसरी ओर दोनों ही तरफ से वीडियो के ज़रिये वार-पलटवार भी शुरू हो गया हैं.

BJP ने लिखा- नाम बदलने से नियत नहीं बदलती

बीजेपी की तरफ से बिना नाम लिए करीब 3 वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किये गए. जिसमें तीनों का अर्थ लगभग एक ही हैं. इन तीनों वीडियो में रावण के दस सिर दिखाए गए हैं. किसी भी वीडियो में विपक्षी नेता की तस्वीर इस्तेमाल नहीं की गई है.

video-1

साथ ही सभी वीडियो के कैप्शन में लिखा हुआ है- नाम बदलने से नियत नहीं बदलती. इतना ही नहीं वीडियो में एक शख्स कह रहा है कि जब ये नहीं पता कि लीडर कौन है तो देश की जनता आप जैसों को कैसे चुनेगी और दुनिया के सामने देश की क्या पहचान बनेगी.

बता दें कि बेंगलुरु में विपक्ष ने बैठक के दूसरे दिन विपक्षी एकजुटता को ‘INDIA’ यानी इंडियन डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायन्स नाम दिया. अब बीजेपी नाम बदलने को लेकर तंज कसने लगी है. उन्होंने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- नाम बदलने से नियत नहीं बदलती.

कांग्रेस ने पोस्ट किया PM मोदी का वीडियो-

हालांकि, कांग्रेस की तरफ से भी एक वीडियो पोस्ट किया गया. जिसमें ख़ुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नज़र आ रहे हैं. वीडियो में पीएम मोदी “VOTE FOR INDIA” का नारा लगा रहे हैं. कांग्रेस ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, अब तो मोदी जी भी प्रचार में उतर गए. कुल मिलकार इस वीडियो के ज़रिये कांग्रेस बीजेपी की चुटकी लेने में लगी हुई हैं.