INDIA vs NDA: लोकसभा चुनाव-2024 की तैयारियां तेज़ हो गई हैं. बेंगलुरु में विपक्षी दलों की दूसरी दो दिवसीय (17-18 जुलाई) बैठक भी खत्म हो गई है, जिसमें 26 दल शामिल हुए थे. इस बैठक में विपक्षी एकजुटता को ‘INDIA’ नाम दिया गया. दिल्ली में बीजेपी के नेतृत्व में NDA ने भी कल (18 जुलाई) अपना शक्ति प्रदर्शन किया.

इस बैठक में 38 दल शामिल हुए थे. फ़िलहाल, INDIA और NDA में अपने-अपने कुनबे को मजबूत करने के लिए बैठकों का दौर जारी है. वहीं, दूसरी तरफ बैठक के बाद से ही एक दूसरे पर वार- पलटवार भी शुरू हो गया है.

असम CM ने ट्विटर बायो से हटाया इंडिया शब्द

विपक्षी गठबंधन को INDIA नाम देने पर बीजेपी हमलावर है. बीजेपी नेताओं ने तो नाम बदलते ही विपक्ष पर पलटवार करते हुए लिखा, नाम बदलने से नियत नहीं बदलती. तो वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्विटर बायो से इंडिया शब्द ही हटा दिया.


AAP नेता संजय सिंह ने BJP को घेरा

जिस पर AAP नेता संजय सिंह ने ट्विटर पर हिमंत बिस्वा सरमा को टैग करते हुए लिखा, असम के CM ने India की जगह भारत लिख दिया अच्छी बात है. तो क्या अब मोदी सरकार की सारी योजनाओं (स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया…) का नाम भी बदला जाएगा. उन्होंने आगे लिखा, मोदी जी ने तो ख़ुद कहा “Vote For India”.

 

एनडीए को दिया नया नाम-

इतना ही नहीं संजय सिंह ने तो मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए NDA को नया नाम तक दे दिया. AAP नेता ने कहा, ये एनडीए नहीं बल्कि न्यू डीलर ऑफ अडानी "New Dealer of Adani" हैं.

संजय सिंह बोले, मैं फिर कह रहा हूं कि INDIA जीतेगा, भारत जीतेगा. INDIA की बैठक के बाद बीजेपी की घबराहट साफ देखने को मिल रही है. बीजेपी ने कल दिल्ली में 38 दल बुलाए. उन दलों की हालत क्या है? उन्होंने बीजेपी से कहा कि हमने इतने हज़ार करोड़ का घोटाला किया है.

उन्होंने आगे कहा, मोदी जी कह रहे हैं कि चिंता मत करो. अभी मैंने कई करोड़ वाले को सम्मान दिया है तो इसी तरह आगे भी चलता रहेगा. न्यू इंडिया मोदी जी 9 साल से बना रहे हैं. अब तक क्या हुआ. घोटालेबाजों का न्यू इंडिया बना रहे हैं. अब सिर्फ़ दाऊद इब्राहिम का बीजेपी में शामिल होना रह गया है.