मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर आयोजित युवा महापंचायत में ऐलान किया कि 15 अगस्त से एक लाख युवाओं की भर्ती का अभियान चलाया जाएगा। साथ ही राज्य युवा सलाहकार परिषद का गठन होगा व नई युवा नीति बनेगी।
शिवराज ने कहा कि मप्र के सभी वीर नायकों की यादों को सहेजने का काम मप्र सरकार ने किया है।अब भोपाल में एक स्थान का चयन करके आजाद की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी,यह प्रेरणा स्थल की तरह होगा। उन्होंने कहा मप्र के नौजवानों ने बेहतर काम किए हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने यह भी कहा कि आज की युवा पंचायत केवल कर्मकांड नहीं है मैं इसे ऐसा प्लेटफार्म बनाना चाहता हूं जिससे जोड़कर युवा नीति बनाने में और मध्य प्रदेश के नव निर्माण में सहयोग करें। मध्य प्रदेश में विशिष्ट उपलब्धि के लिए युवा पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा, जो क्रिएटिव युवा या संस्था को दिया जाएगा। युवा पंचायत अब प्रतिवर्ष आयोजित की जाएगी। मध्यप्रदेश में राज्य युवा सलाहकार परिषद का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं के सुझाव प्राप्त हो सकेंगे।
सीएम ने कहा कि यूथ महापंचायत के माध्यम से मिले आपके सुझाव पर हम मध्य प्रदेश में युवा नीति बनायेंगे, जिसे 12 जनवरी तक लागू कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि हमने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना नाम की एक विशेष योजना बनाई है, जिसमें स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंकों के माध्यम से 1 लाख से लेकर ₹50 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। ऋण की गारंटी भी मध्यप्रदेश सरकार लेगी।
इस मौके पर केंद्रीय अनुराग ठाकुर वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े। वहीं मंच पर युवा कल्याण व खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया समेत कई विशिष्ट लोग मौजूद थे। युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने यह आयोजन हुआ है।