पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में महाकाल लोक' की तर्ज पर हनुमान लोक बनाया जा रहा है। इसका भूमि पूजन गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। करीब 314 करोड़ की लागत से 'हनुमान लोक' का निर्माण होगा।

हनुमान लोक का निर्माण छिंदवाड़ा जिले के सौंसर में प्रसिद्ध जाम सांवली मंदिर में होगा। हनुमान लोक का निर्माण लगभग 26.50 एकड़ भूमि में किया जायेगा। हनुमान लोक जाम सांवली मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से प्रारंभ होगा।

प्रथम प्रांगण में 90 हजार वर्गफुट क्षेत्र में श्री हनुमान की बालरूप कलाओं (चिरंजीवी पथ) का चित्रण कलाकृतियों के माध्यम किया जायेगा। द्वितीय प्रांगण में श्री हनुमान जी का भक्ति रूप का चित्रण मूर्तियों और कलाकृतियों के माध्यम से लगभग 62 हजार वर्गफुट में किया जायेगा।

मुख्य भवन में ट्रस्ट ऑफिस, कम्युनिटी सेंटर, जन सुविधाये, टिकट काउंटर, कंट्रोल रूम इत्यादि प्रस्तावित है, जिसका क्षेत्रफल लगभग 37 हजार वर्गफुट होगा। रामलीला और अन्य धार्मिक आयोजनों हेतु लगभग 12 हजार वर्गफुट का ओपन एयर थियेटर भी तैयार किया जा जाएगा। 

दूसरी ओर CM शिवराज के इस दौरे को चुनावी साल में बतौर हिंदुत्व कार्ड देखा जा रहा है। इन दिनों कमलनाथ की सॉफ्ट हिंदुत्व की सियासत सुर्ख़ियों में है। कुछ दिनों पहले ही छिंदवाड़ा में कांग्रेस ने प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री की हनुमान कथा का आयोजन कराया था। हालंकि उनकी अपनी ही पार्टी में इसकी आलोचना हुई थी।