MP News: ओंकारेश्वर में ओंकार पर्वत पर स्थापित आदि गुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण गुरुवार (21 सितंबर) को हो गया है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वामी अवधेशानंद गिरी समेत कई अन्य संतों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इस प्रतिमा का अनावरण किया.

प्रतिमा के अनावरण के लिए संतों के साथ मुख्यमंत्री अस्थायी एलिवेटर से 75 फीट ऊपर पहुंचे. सभी ने पूजा के बाद प्रतिमा की परिक्रमा भी की हैं. इस दौरान कार्यक्रम में करीब 5 हजार साधु-संत जुटे थे. ख़बरों के मुताबिक, यहां पर करीब 2026 तक ‘अद्वैत लोक’ बनकर तैयार होगा.

सीएम शिवराज सिंह ने आरती के बाद भूमिपूजन कर ‘अद्वैत लोक’ के निर्माण की आधारशिला रखी. बता दें कि ओंकार पर्वत की 11.5 हेक्टेयर जमीन पर अद्वैत लोक का निर्माण किया जा रहा है. इसी पर्वत पर ठीक बीचो-बीच मध्य में आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसका आज अनावरण हुआ.

इसी ‘अद्वैत लोक’ में शंकर संग्रहालय के अलावा आचार्य शंकर अंतरराष्ट्रीय अद्वैत वेदांत संस्थान की स्थापना भी की जा रही है. आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा को 'स्टैच्यू ऑफ वननेस' का नाम दिया गया है. इस प्रतिमा में 12 साल के आचार्य शंकर की झलक दिखाई देती है. इस प्रतिमा का वजन करीब 100 टन है, जो 75 फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म पर स्थापित की गई है.