MP News: मध्यप्रदेश के उज्जैन से एक मासूम के साथ हैवानियत का दर्दनाक मामला सामने आया है. जिसने न सिर्फ शासन प्रशासन पर सवाल खड़े किये बल्कि पूरी मानवता को ही शर्मसार कर दिया. दरअसल, पूरा मामला महाकाल थाना इलाके में बड़नगर रोड पर दांडी आश्रम के पास का है.
यहां बच्ची सोमवार शाम को घायल हालत में मिली थी. उसके कपड़े खून से सने थे. प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोटें भी हैं. जिसके बाद बच्ची को चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण इंदौर रेफर कर दिया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्ची के साथ रेप हुआ है. ज्यादा खून बह जाने के कारण बच्ची की हालत काफी नाजुक बनी हुई थी. लेकिन, बाद में पुलिस ने उसे खून दिया.
बच्ची अब पूरी तरह ख़तरे से बाहर है. बच्ची ने पुलिस को उसकी मां के साथ भी गलत काम होने की बात बताई है. लेकिन, उसकी मां कहां है और वह उज्जैन तक कैसे आई? इस बारे में कुछ भी नहीं बता पा रही है. इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खून से सनी अर्धनग्न बच्ची सांवरा खेड़ी सिंहस्थ बायपास की कॉलोनियों में सोमवार सुबह ढाई घंटे तक भटकती नज़र आई.
इस दौरान उसने आठ किलोमीटर तक पैदल चलते हुए कई घरों के दरवाज़ों पर लोगों से मदद की गुहार भी लगाई. पर अफ़सोस किसी ने भी उसकी मदद नहीं की. मदद नहीं मिलने के कारण बच्ची अर्धनग्न अवस्था में ही सड़कों पर भटकती रहीं और घायल हो गई.
फ़िलहाल, उज्जैन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT गठित कर दी है. शुरुआती जांच में पता चला है कि बच्ची संभवत: प्रयागराज की रहने वाली है. यह जानकारी SP सचिन शर्मा ने दी है. हालांकि, बच्ची अभी घटना को लेकर कुछ भी बता नहीं पा रहीं हैं. फ़िलहाल, हर एक पहलू से मामले की जांच जारी हैं.
कमलनाथ ने शिवराज सरकार को घेरा-
इस घटना के सामने आने के बाद से ही प्रदेश की शिवराज सरकार सवालों के घेरे में हैं. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक ट्वीट पोस्ट करते हुए लिखा, उज्जैन में एक छोटी बच्ची के साथ अत्यंत क्रूरतापूर्ण दुराचार का मामला देखकर रूह कांप जाती है. 12 साल की बेटी के साथ जिस तरह का दुष्कृत्य हुआ और जिस तरह से वह अर्धनग्न अवस्था में शहर के कई इलाकों में भागती रही और फिर बेहोश होकर सड़क पर गिर गई, उससे मानवता शर्मसार हो जाती है. ऐसी जघन्य घटना प्रशासन और समाज के माथे पर कलंक है.
उन्होंने सीएम शिवराज पर हमला बोलते हुए सवालों के ज़रिये पूछा, मैं मुख्यमंत्री से जानना चाहता हूं कि क्या आप सिर्फ चुनाव ही लड़ते रहेंगे और झूठी घोषणाएं ही करते रहेंगे? क्या आप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनी बेटियों की तस्वीरों से पूरे मध्य प्रदेश के होर्डिंग भर देंगे, लेकिन मासूम बेटियों की सुरक्षा पर कोई ध्यान नहीं देंगे?
एमपी में कानून का राज समाप्त हो चुका है- कमलनाथ
कमलनाथ ने आगे पूछा, जिस बेटी के साथ यह दरिंदगी हुई क्या वह लाडली लक्ष्मी और लाडली बहना नहीं है? मुख्यमंत्री जी उज्जैन में पहले भी दो छोटी बच्चियों के साथ क्रूरतापूर्ण दुष्कृत्य हुआ था. प्रदेश में ऐसी क्रूर घटनाओं की पुनरावृत्ति बताती है कि मध्य प्रदेश में कानून का राज समाप्त हो चुका है.
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री के होते हुए भी मुख्यमंत्री विहीन हो चुका है. अपराधी निरंकुश है और जनता परेशान है. मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए और पीड़िता को समुचित उपचार के साथ ही एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए.