Jammu Kashmir Encounter: जम्मू-कश्मीर में बीते चार दिनों से आतंकियों का सफाया करने के लिए सेना का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है. ताज़ा जानकारी के मुताबिक, बारामूला के उरी में आतंकवादियों और सेना के जवानों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए हैं.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया के ज़रिये बताया कि सेना और पुलिस के जवानों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया है. वहीं, इससे पहले कश्मीर साउथ जोन पुलिस की तरफ से बताया गया था कि उरी के हथलंगा इलाके में सेना और पुलिस की संयुक्त टीमें आतंकवादियों से मुठभेड़ में जुटी हुई है. यहां पर जवानों ने आतंकवादियों को घेरा, जिसमें से एक आतंकी मारा गया है.

पहाड़ की ऊंचाई से आतंकवादी कर रहे गोलीबारी-

इसके अलावा अनंतनाग में बुधवार (13 सितंबर) को एक मुठभेड़ में चार जवानों की शाहदत के बाद से ही कोकरनाग इलाके में भी आतंकवादियों के खिलाफ जवानों ने कमान संभाल रखी है. इस इलाके में 2 से 3 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है. करीब 2 हजार जवानों की टुकड़ी ने मोर्चा संभाल रखा है. ड्रोन से लेकर हेलीकॉप्टर तक की मदद ली जा रही है.

पुलिस और सेना की संयुक्त टीमें आतंकियों को घेरने के लिए फुल प्रूफ प्लान के साथ घाटी में उतरी हुई है. ड्रोन की मदद से भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. तो वहीं हेलीकॉप्टर से सर्चिंग जारी हैं. जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी-एडीजी और आर्मी के सीनियर अधिकारी भी एनकाउंटर स्पॉट पर मौजूद हैं.

दरअसल, अनंतनाग के पहाड़ी इलाके में आतंकवादी छिपे हुए हैं, जो ऊंचाई से लगातार गोलीबारी कर रहे हैं. आतंकियों के ऊंचाई पर होने के कारण ही सही ठिकाने का पता नहीं लग पा रहा है. इसके अलावा ये लगातार अपनी लोकेशन भी बदल रहे हैं.

पहाड़ की ऊंचाई पर होने की वजह से सर्चिंग के दौरान सेना और पुलिस के अधिकारियों को वे टारगेट करने में सफल रहे हैं. बता दें कि 13 सितंबर को अनंतनाग में आतंकियों को मुहतोड़ जवाब देते हुए एक कर्नल, एक मेजर, जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी और एक जवान शहीद हो गए.