Delhi Flood: बारिश के कारण दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. आज दोपहर 3:00 बजे मुकुंदपुर चौक पर बड़ा हादसा हो गया. यहां एक इलाके में भरे बारिश के पानी में नहाने के दौरान डूबने से 3 बच्चों की मौत हो गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बच्चों की उम्र 14-15 साल के बीच है. जानकारी के मुताबिक, मुकुंदपुर में एक खेत में बारिश का पानी भरा हुआ था. ये बच्चे उसमें नहाने गए थे. डूबते बच्चों को बचाने के लिए एक कांस्टेबल भी पानी में कूद गया, लेकिन तब तक बच्चों की मौत हो चुकी थी.
हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से पानी राजधानी में अंदर घुसता चला गया. जिससे बढ़ा जैसे हालात पैदा हो गए. हालांकि, आज सुबह यमुना का जलस्तर 208.46 मीटर पर पहुंच गया, जो पिछली रात के 208.66 मीटर से थोड़ा कम है.
दिल्ली के कई इलाके समस्याओं से जूझ रहे-
1. दिल्ली के गीता कॉलोनी के साथ-साथ लोहा पुल और यमुना बाजार इलाके में भी कई गाड़ियां रेलवे ब्रिज के नीचे फंस गईं.
2. कल दिल्ली के कई बड़े इलाके भी जलमग्न हो गए थे, जिनमें सचिवालय भी शामिल है. जहां मुख्यमंत्री और उनके कैबिनेट मंत्रियों के कार्यालय भी स्थित है. अधिकारियों को बचाव एवं राहत कार्य के लिए मशक्कत करनी पड़ी.
3. सचिवालय के पास एक अंडरपास में एक पर्यटक बस आंशिक रूप से डूब गई. इस बस में 40 से 45 यात्री सवार थे. सूचना मिलते ही लोगों को बचाया गया.
4. यमुना का पानी लाल किले की दीवारों तक भी पहुंच गया. कुछ स्थानों पर लोगों को कमर तक पानी से गुजरते देखा गया.
5. राजघाट पर भी बड़े पैमाने पर पानी भर गया है. विकास पथ का एक हिस्सा भी पानी में डूबा हुआ है.
बता दें कि इस बार यमुना नदी ने 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया हैं. इससे पहले 6 सितंबर 1978 को यमुना का अधिकतम जलस्तर 207.49 मीटर दर्ज किया गया था. तब भी दिल्ली में ऐसे ही हालात पैदा हो गए थे.