Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों से मुठभेड़ में तीन जवान शहीद हो गए हैं. आतंकी संगठन PAFF ने इसकी जिम्मेदारी ली है. उन्होंने इसे अनुच्छेद 370 खत्म करने का बदला बताया है. 

फ़िलहाल, आतंकियों के खिलाफ सेना का सर्च ऑपरेशन जारी है. कुलगाम जिले के हलान वन क्षेत्र के ऊंचे इलाकों में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सेना ने कल देर रात तलाशी अभियान चलाया, जिसमें कुलगाम पुलिस बल भी शामिल था.

जवानों और आतंकियों के बीच झड़प-

सेना ने कल एक ट्वीट के ज़रिये ऑपरेशन हलान (कुलगाम) के बारे में जानकारी दी थी. खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने कुलगाम के हलान के ऊंचे इलाके में आतंकियों की जांच के लिए ऑपरेशन शुरू किया. जिस दौरान सेना और आतंकियों के बीच झड़प शुरू हो गई. इस गोलीबारी में तीन जवान शहीद हो गए.

तीन आतंकी गिरफ्तार-

श्रीनगर पुलिस ने कल प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और टीआरएफ के तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया. इन तीनों आतंकियों को श्रीनगर के नाटीपोरा इलाके से गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए इलाके में एक छोटी टीम तैनात की. इसी बीच पुलिस ने एक चेक प्वाइंट से प्रतिबंधित आतंकी संगठन के तीन आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया. इन आतंकियों की पहचान इमरान अहमद नजर, वसीम अहमद मुट्टा, वकील अहमद भट्ट के रूप में हुई हैं.