विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट सोमवार को जारी कर दी। इसमें 39 सीटों पर नाम घोषित किये गए हैं। बड़ी बात ये है कि इस लिस्ट में तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत सात सांसदों को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
केंद्रीय मंत्रियों में मुरैना की दिमनी सीट से नरेंद्र सिंह तोमर, नरसिंहपुर से प्रह्लाद पटेल और निवास से फग्गन सिंह कुलस्ते को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
वह्रीं जिन चार सांसदों पर बीजेपी ने दांव लगाया है उनमे जबलपुर पश्चिम से राकेश सिंह, सतना से गणेश सिंह, सीधी से रीति पाठक और गाडरवारा से उदय प्रताप सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है।
मालवा अंचल में में पार्टी ने बड़ा निर्णय लेते हुए बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर विधानसभा क्रमांक 1 से टिकट दिया गया है। छिंदवाड़ा में कमलनाथ के मुकाबले में विवेक बंटी साहू को उतारा गया है।
बीजेपी ने दूसरी लिस्ट में जिन 39 सीटों पर नामों का ऐलान किया है। उनमें से 36 सीटें 2018 के चुनाव में हारी हुई है। 3 सीटें बीजेपी के कब्जे में है। हालांकि यहां वर्तमान विधायकों का टिकट बीजेपी ने काट दिया है। इससे पहले बीजेपी ने पहली सूची में 39 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी।