लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बैठक हुई। तीन अलग-अलग बैठकों में प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चों के क्षेत्रीय अध्यक्षों, महासचिवों, प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजकों ने हिस्सा लिया।

इस मौके पर बोलते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पदाधिकारियों से कहा, 'हमें जीत के हैंगओवर से बाहर आना होगा। प्रत्येक दिन का लक्ष्य पूरा किये बिना आराम न करें। अब पार्टी को 100 दिन का समय देना होगा। कार्यकर्ताओं को अपना पूरा समय पार्टी को देना होगा। प्रत्येक दिन के लिए लक्ष्य निर्धारित करें, प्रत्येक दिन के लिए योजना बनाएं। हर लाभार्थी तक पहुंचना है और हर कार्यकर्ता को चुनाव की जिम्मेदारी सौंपनी है। किसी भ्रम में न रहें।

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। करीब 2 घंटे तक बैठक में रुकने के बाद वे उज्जैन के लिए रवाना हो गए। इसके बाद वीडी शर्मा, डॉ महेंद्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने लोकसभा प्रत्याशियों के नाम पर मंथन किया।

सूत्रों का कहना है कि पार्टी सबसे पहले होशंगाबाद, नरसिंहपुर, मुरैना, सीधी और छिंदवाड़ा में प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी में है। सांसद से विधायक बने पार्टी नेताओं की सीटों पर उम्मीदवारों के चयन पर फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा। नरेंद्र सिंह तोमर (मुरैना), राकेश सिंह (जबलपुर), राव उदय प्रताप सिंह (होशंगाबाद), रीति पाठक (सीधी), प्रहलाद सिंह पटेल (दमोह) विधायक बन गए हैं।