Delhi Ordinance: दिल्ली में केंद्र सरकार द्वारा पारित अध्यादेश के खिलाफ कांग्रेस अब आम आदमी पार्टी (AAP) का समर्थन करने को तैयार है. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने साफ कर दिया है कि वह केंद्र सरकार के अध्यादेश का विरोध करेंगे. AAP के सांसद राघव चट्ठा ने ट्वीट किया कि कांग्रेस ने दिल्ली अध्यादेश का स्पष्ट विरोध करने की घोषणा की है. यह एक सकारात्मक विकास है.
केंद्र के अध्यादेश का विरोध करेंगे- केसी वेणुगोपाल
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हम दिल्ली में केंद्र द्वारा जारी अध्यादेश का विरोध करेंगे, हमारा रुख स्पष्ट है. बता दें कि कल बेंगलुरु में विपक्षी बैठक होने वाली है. अब कांग्रेस के इस फैसले के बाद AAP के इस बैठक में शामिल होने की संभावना है.
बेंगलुरु में विपक्ष होगा एकजुट-
अध्यादेश मुद्दे पर कांग्रेस का समर्थन मिलने के बाद अब माना जा रहा है कि AAP बेंगलुरु में होने वाली बैठक में हिस्सा ले सकती है. हालांकि, इससे पहले AAP ने आज शाम राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक बुलाई है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएसी बैठक में शामिल होंगे. इस बैठक के बाद बेंगलुरु में होने वाली बैठक में हिस्सा लेने का फैसला लिया जा सकता है.
बेंगलुरु में कब होगी बैठक-
2024 के लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार को चुनौती देने के लिए 17-18 जुलाई को बेंगलुरु में विपक्षी एकजुटता की बैठक होगी. जिसमें कई विपक्षी दल हिस्सा लेंगे. AAP ने इस बैठक में शामिल होने के बारे में स्पष्ट नहीं किया है. हालांकि, कांग्रेस का समर्थन मिलने के बाद अब माना जा रहा है कि AAP विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होगी.