भोपाल. मध्यप्रदेश में शुक्रवार को भारी बरसात हो सकती है. मौसम विभाग ने हैवी अलर्ट भी जारी कर दिया है. एक दो दिन नहीं बल्कि 9 दिनों तक भारी बरसात की संभावना जताई गई है.

दो सिस्टम एक साथ एक्टिव होने से पूरा राज्य तरबतर होगा। शुक्रवार को इंदौर, भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम संभाग में भी भारी बारिश के आसार हैं। राजधानी भोपाल के साथ उज्जैन में तो 5 इंच पानी गिर सकता है। 10 से 17 जुलाई तक प्रदेश में इस सीजन की सबसे ज्यादा भारी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पाकिस्तान के दक्षिणी हिस्से में जाकर मानसून का निम्न दाब क्षेत्र और मजबूत हो गया है। इस सिस्टम की वजह से ही उज्जैन, इंदौर, भोपाल और नर्मदापुरम में 9 जुलाई तक तेज बारिश जारी रहेगी। उड़ीसा के ऊपर चक्रवाती घेरा बना है जिसका असर 10 जुलाई से देखने को मिलेगा। पूर्वी मध्यप्रदेश के जबलपुर, शहडोल के अलावा भोपाल व नर्मदापुरम में भारी बारिश का दौर शुरू होगा, जोकि 17 जुलाई तक चलेगा। उज्जैन और भोपाल संभाग में अति बारिश हो सकती है।