भोपाल: मप्र में दुर्लभ जलीय वन्यजीवों की तस्करी में शामिल एक बांग्लादेशी नागरिक अल हज शफीकुल इस्लाम तालुकदार के विरूद्ध इंटरपोल फ्रांस द्वारा रेड कार्नर नोटिस जारी किया है। यह जानकारी एमपी स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने दी है। इस फोर्स ने माह जुलाई 2025 में कार्यवाही करते हुये मुरैना जिले से 3 व्यक्ति से 30 दुर्लभ वन्यजीव कछुये एवं घडिय़ाल जप्त किये थे जांच में एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर का संगठित गिरोह शामिल होना पाया गया एवं इस गिरोह द्वारा इन दुर्लभ जलीय वन्यजीवों को पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजे जाते है।
जहां से इनको म्यांमार, थाईलेण्ड, मलेशिया व दक्षिण-पूर्व एशिया के अन्य देशों में तस्करी के द्वारा सप्लाई किया जाता है। फोर्स ने देश के अन्य राज्यों में भी कार्यवाही कर इस प्रकरण में आज दिनांक तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में माह मार्च 2026 में देश के सबसे बड़े जलीय वन्यजीव तस्कर तारकनाथ घोष निवासी, उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल को कानपुर सेन्ट्रल रेल्वे स्टेशन (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया था जिससे पूछताछ पर इस गिरोह के मुख्य सरगना अल हज शफीकुल इस्लाम रहमान तालुकदार उर्फ़ रेमंड तालुकदार का पता चला, जो कि बांग्लादेश का निवासी है, उसके द्वारा दक्षिण-एशिया के देशों से जलीय वन्यजीवों की तस्करी दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशो में की जाती है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेड, शिवपुरी द्वारा इसकी गिरफ्तारी के लिये वारंट भी जारी किया है। अब इंटरपोल द्वारा अल हज शफीकुल इस्लाम तालुकदार के विरूद्ध रेड कार्नर नोटिस जारी किया गया है।