MP Election 2023: मध्यप्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने आज (20 अगस्त) अपना रिपोर्ट कार्ड जारी किया. जिसे लेकर प्रदेश की सियासत में हलचल भी शुरू हो गई.
ऐसा इसलिए क्योंकि रिपोर्ट कार्ड पेश करने खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार के दिन राजधानी भोपाल आये हुए हैं. तय कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह दोपहर 12.10 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचे. फिर वहां से सीधे करीब 12.25 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार पहुंचे, जहां पर रिपोर्ट कार्ड पेश कर रहें हैं.
देंखे लाइव-
इस रिपोर्ट कार्ड की खास बात ये है कि इसके ज़रिये ना सिर्फ सीएम शिवराज बल्कि पूर्व सीएम उमा भारती और बाबूलाल गौर के कार्यकाल का लेखा-जोखा भी पेश किया जाएगा.
बीजेपी इस रिपोर्ट कार्ड के ज़रिये 15 महीने की कमलनाथ सरकार के कार्यकाल को छोड़ दे तो करीब 2003 से 2023 तक के 18 सालों के बीजेपी सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी कर रहीं हैं.
जिसके बाद गरीब कल्याण महाअभियान के ज़रिये इस रिपोर्ट कार्ड को विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के हर घर तक पहुंचाया जाएगा. इसके ज़रिये ना सिर्फ राज्य बल्कि केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी.
इस रिपोर्ट कार्ड में महिला कल्याण और सम्मान, गरीब कल्याण, सर्वजन कल्याण, किसान कल्याण, स्वास्थ्य, सशक्त युवा, शिक्षा, उद्योग, अर्थव्यवस्था, आधारभूत संरचना, कानून व्यवस्था, कामकाजी कर्मचारी वर्ग कल्याण, जन भागीदारी मॉडल, सुशासन, अग्रणी मध्य प्रदेश जैसे मुद्दे शामिल किये गए हैं.
राजधानी के बाद इस रिपोर्ट कार्ड को प्रदेश भर में अगले तीन दिनों तक सभी संभागों में लॉन्च किया जाएगा. इसके लिए केंद्रीय और राज्य मंत्रियों की अलग से ड्यूटी लगाई गई है. संभाग स्तर के बाद बीजेपी जिला स्तर पर भी रिपोर्ट कार्ड जारी करने की तैयारी में है. जिसकी जिम्मेदारी विधायक, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ अध्यक्षों को सौंपी गई है.
ग्वालियर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक-
इसके बाद अमित शाह दोपहर 2.40 बजे भोपाल एयरपोर्ट से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे. ग्वालियर में करीब 3.55 बजे जीवाजी विश्वविद्यालय में बने अटल सभागार में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक करेंगे. इस बैठक के बाद रात 7.45 बजे ग्वालियर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.