MP News: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार (25 फरवरी) को मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं. वे सबसे पहले ग्वालियर पहुंचे. यहां से खजुराहो और फिर भोपाल जाएंगे. आगामी लोकसभा चुनाव से पहले अमित शाह बीजेपी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनावी जीत का मंत्र देने आए हैं. 

दरअसल, लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहित घोषित होने में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है, ऐसे में अमित शाह के इस दौरे पर कयास लगाया जा रहा हैं कि मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटों को लेकर उम्मीदवारों के नामों को जल्द ही फाइनल किया जा सकता है.

तय कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह रविवार दोपहर 12 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचे. यहां से एक निजी होटल में ग्वालियर और चंबल क्लस्टर प्रबंध समिति की बैठक में शामिल हुए. इस बैठक में चारों लोकसभा सीटों के 300 नेता-कार्यकर्ता मौजूद है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यह बैठक सवा घंटे तक चलेगी. 

इसके बाद दोपहर ढाई बजे अमित शाह खजुराहो जाएंगे. यहां पर मेला ग्राउंड में बूथ समिति के सम्मेलन में शिरकत करेंगे. इसके बाद वह यहां से करीब 5 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे. अमित शाह भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में प्रबुद्धजनों के सम्मेलन में शामिल होंगे. 

जहां शहर के जाने-माने लोगों के साथ संवाद करेंगे. शाम साढ़े छह बजे अमित शाह भोपाल से दमन के लिए रवाना हो जाएंगे. इस दौरान उनके साथ बीजेपी की पूरी लीडरशिप भी मौजूद रहेगी. जिसमें सीएम मोहन यादव, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे.