Anantnag Encounter: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बीते सात दिनों से जारी मुठभेड़ में सेना को बड़ी कामयाबी मिली है. सेना ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी उजैर खान को मार गिराया है.
कश्मीर एडीजीपी विजय कुमार ने बताया कि सेना ने अनंतनाग में आतंकी उजैर को मार गिराया है. एक शव भी मिला है जो किसी आतंकी का हो सकता है. सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा क्योंकि यहां हथियार मिले हैं. इस ऑपरेशन में चार जवान भी शहीद हो गए.
फिलहाल, अनंतनाग में चल रही मुठभेड़ पूरी हो गई है. ऐसे में अब सेना ने अपना फोकस सर्च ऑपरेशन पर लगा दिया है. वजह ये है कि यहां पर करीब तीन आतंकी के छिपे होने की आशंका जताई गई थी.
अब तक अनंतनाग एनकाउंटर में दो आतंकी मारे गए हैं जबकि 4 जवान शहीद हो गए. सेना अभी भी तीसरे आतंकी के शव की तलाश कर रही है. सेना ने पूरे इलाके को घेर रखा है. अभी सेना के जवान जंगलों में आतंकियों के ठिकानों की तलाश कर रहे हैं.
कुछ इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी-
एडीजीपी विजय कुमार ने अनंतनाग ऑपरेशन के बारे में मीडिया से बात की. उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान जारी रहेगा क्योंकि अभी भी कई इलाकों की छानबीन बाकी हैं. हम लोगों से अपील करते हैं कि वे इन इलाकों में न जाएं. हमारे पास दो से तीन आतंकियों के बारे में जानकारी थी. उन्होंने कहा कि संभावना है कि हमें यहां और शव मिलेंगे. यही वजह है कि हम सर्च ऑपरेशन जारी रखेंगे.
विजय कुमार ने कहा, हमें लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर का शव मिला है. जिसे हमने अपने कब्जे में ले लिया है. तीसरे शव की तलाश जारी है. एक हफ्ते से चल रही मुठभेड़ अब खत्म हो गई है. दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिलने पर सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया था.