INDIA vs NDA: आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां काफी तेज़ हो गई हैं. पटना के बाद बेंगलुरु में विपक्षी दलों की दूसरी दो दिवसीय (17-18 जुलाई) बैठक हुई, जिसमें 26 दल शामिल हुए थे. इस बैठक में विपक्षी एकजुटता को ‘INDIA’ नाम दिया गया.
दिल्ली में बीजेपी के नेतृत्व में NDA ने भी कल (18 जुलाई) अपना शक्ति प्रदर्शन किया. इस बैठक में 38 दल शामिल हुए थे. फ़िलहाल, INDIA और NDA में अपने-अपने कुनबे को मजबूत करने के लिए बैठकों का दौर जारी है. वहीं, दूसरी तरफ बैठक के बाद से ही एक दूसरे पर सियासी वार- पलटवार भी शुरू हो गया है.

विपक्षी गठबंधन को INDIA नाम देने पर बीजेपी अब हमलावर है. बीजेपी नेताओं ने तो गठबंधन का नाम बदलते ही विपक्ष पर पलटवार करते हुए लिखा, नाम बदलने से नियत नहीं बदलती. वहीं, बीजेपी नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने तो ट्विटर बायो से इंडिया शब्द हटाकर भारत लगा दिया हैं. जिस पर अब सियासत शुरू हो गई है.

सुप्रिया श्रीनेत बोली- बीजेपी अपना हैंडल कब बदल रही
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने मीडिया से चर्चा करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा, उनसे (हिमंत बिस्वा सरमा) पूछना चाहिए कि बीजेपी अपना हैंडल कब बदल रही है- बीजेपी फॉर इंडिया. बीजेपी स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, खेलो इंडिया, डिजिटल इंडिया पर क्यों चल रही है.
उन्होंने हिमंता बिस्वा सरमा के ट्वीट का जिक्र करते हुए आगे कहा, उनके कुछ नेता खुद को मूर्ख बनाने पर तुले हुए हैं. यदि आपको भारत से कोई समस्या है, तो इसे स्वीकार करें और कृपया इसके बजाय पाकिस्तान चले जाएं.