भोपाल: मप्र विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुये विधानसभा सचिवालय में कार्यभारित सेवा में कार्यरत 12 वाहन चालकों एवं 85 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को जो कि विधानसभा सचिवालय में विगत 25-30 वर्षों से कार्यभारित सेवा में कार्यरत थे, उन्हें कन्फर्म करने के आदेश जारी कर दिए गये तथा श्री गौतम ने संबंधितों को अपने हाथों से आदेश प्रदान किए। इनमें से कुछ कर्मचारी ऐसे हैं जो एक वर्ष पश्चात सेवानिवृत्त होने वाले हैं। कन्फर्म किए गए सभी कर्मचारियों को अब शासकीय लोक सेवकों की तरह संपूर्ण अधिकार प्राप्त होंगे।

उल्लेखनीय है कि विगत 10 जुलाई,2023 को विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यभारित सेवा में कार्यरत समस्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कन्फर्म किए जाने की घोषणा की थी। इस कर्मचारी हितैषी निर्णय पर  कन्फर्म हुए सभी कर्मचारियों ने विधानसभा में अध्यक्ष श्री गौतम का स्वागत कर आभार प्रकट किया। इस अवसर पर विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह एवं सचिव शिशिरकांत चौबे भी उपस्थित थे।