भोपाल के राहुल कुमार नेमा ने लोकप्रिय टेलीविजन रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) में 14 सवालों का जवाब देकर 50 लाख रुपये जीत लिए। शुक्रवार रात राहुल बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर थे। 15वां सवाल एक करोड़ रुपये का था, लेकिन राहुल के पास इसका जवाब नहीं था, इसलिए उन्होंने गेम से क्विट कर लिया।
इससे पहले गुरुवार रात राहुल ने 3 लाख 20 हजार रुपये जीते थे। उन्होंने अगला गेम शुक्रवार रात 9 बजे शुरू किया। 11वें, 12वें और 13वें सवाल का सही जवाब देकर वह एक करोड़ रुपये के लिए 14वें सवाल की स्टेज तक पहुंच गए।
एक करोड़ रुपये के लिए बिग बी ने राहुल से 15वां सवाल पूछा 'इनमें से किस पूर्व सीएम को साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला है'? प्रश्न में चार विकल्प थे - ज्योति बसु, बीजू पटनायक, वीरप्पा मोइली और ईएमएस नंबूदरीपाद। राहुल इस सवाल का जवाब नहीं दे पाए। इस सवाल का सही जवाब वीरप्पा मोइली था।
राहुल ऑस्टियोपोरोसिस नामक एक दुर्लभ गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, जिसके कारण हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। तमाम कठिनाइयों के बावजूद राहुल उत्साह से जीते हैं। राहुल के हौसले की तारीफ बिग बी यानी सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने भी की।
राहुल भोपाल में मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक की शाहपुरा शाखा में सहायक प्रबंधक हैं। उनकी कार्यशैली से स्टाफ भी खुश है। शो के दौरान स्टाफ ने राहुल की खूब तारीफ की। राहुल भोपाल के रायसेन रोड इलाके में रहते हैं।
इससे पहले गुरुवार रात राहुल ने अमिताभ बच्चन से भी सवाल पूछा था। उन्होंने पूछा कि आपकी पसंदीदा हीरोइन कौन है? सवाल सुनकर बिग बी भी हंस पड़े। शो में बिग बी 31 साल के राहुल की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। राहुल को सामने बैठा देख बिग बी भी कह उठे कि यह हमारे लिए भी सौभाग्य की बात है।
आपको बता दें, कि राहुल की हाइट 3 फीट से भी कम है। उन्होंने अमिताभ बच्चन को बताया कि उन्हें एक गंभीर बीमारी है। यह बीमारी 20 हजार लोगों में से एक को प्रभावित करती है। इस बीमारी में हड्डियां तेजी से टूटती हैं। जब आप यात्रा करते समय या सोते समय मुड़ जाते हैं या कोई आपको गलत तरीके से पकड़ लेता है तो फ्रैक्चर हो जाता है। जब भी फ्रैक्चर हो तो एक्स-रे के बाद प्लास्टर लगाना पड़ता है। राहुल कहते हैं कि, मैंने हार नहीं मानी है, मैं आगे बढ़ रहा हूँ। मुझे अब तक 360 फ्रैक्चर हो चुके हैं।
राहुल की अभी तक शादी नहीं हुई है। पिता भी सरकारी नौकरी में हैं। शो में पिता विजय कुमार नेताम और मां सीमा नेताम भी पहुंचे थे जिन्होंने बिग बी को राहुल के जन्म के बारे में बताया। उन्होंने मुसीबत से निकलने के लिए राहुल की तारीफ भी की। मां सीमा ने बताया कि उन्होंने स्कूल की शुरुआत घर से की। चौथी कक्षा से स्कूल भेजना शुरू किया। राहुल ने 8वीं कक्षा में जिला टॉप किया था। उन्हें राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भी मिल चुका है।