MP News: मध्यप्रदेश सरकार बड़े धार्मिक स्थलों के लिए जल्द ही हवाई सेवा शुरू करने जा रही है. इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा में दी.

सीएम मोहन यादव ने बताया कि महाकाल समेत अन्य धार्मिक स्थलों के लिए हवाई यात्रा जल्द शुरू होगी. धार्मिक पर्यटन को बढ़ाबा देने के लिये प्रदेश सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है.

सीएम ने सदन में कहा कि केंद्रीय कर में जिन तीन राज्यों को सर्वाधिक हिस्सा मिल रहा है, उनमें मध्यप्रदेश भी है. हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि महाकाल मंदिर, ओरछा सहित मध्य प्रदेश के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों में हवाई यात्रा की सुविधा शीघ्र ही शुरू होगी.

इसे शुरू करने के पीछे का उद्देश्य यह है कि जिनके पास समय की कमी है वो जल्द दर्शन कर सकेंगे. लोकसभा के पहले इंदौर से महाकाल और ओंकारेश्वर के दर्शन के लिए यह फैसला तय किया है. इसके अलावा लोगों को ग्वालियर से दतिया दर्शन करवायेंगे.

हालांकि, इससे पहले सदन में वित्त मंत्री और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के पहले 4 महीनों यानी 1 अप्रैल से 31 जुलाई तक के लिए 1. 45 लाख करोड़ का अंतरिम बजट (लेखानुदान) पेश किया. अंतरिम बजट में सरकार की तरफ से सबसे ज्यादा राशि स्कूल शिक्षा विभाग को दी गई. वहीं, सबसे कम राशि विमानन विभाग को मिली है.

राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के प्रथम सेवक के रूप में बोलने के मौका मिला मेरा सौभाग्य है. अयोध्या में राम मंदिर बनना हमारा सौभाग्य है. मध्यप्रदेश का और उज्जैन का अयोध्या से विशेष रिश्ता है. 

उन्होंने आगे बताया कि उज्जैन से जाकर सम्राट विक्रमादित्य ने अयोध्या जाकर मंदिर बनवाया था, जिसे बाबर ने तोड़ा था. संकल्प पत्र में जो बातें कहीं गई, उन्हें निश्चित रूप से पूरा करेंगे. संकल्प पत्र हमारे लिए कागज का टुकड़ा नहीं. धर्म ग्रंथ की तरह है. इसे लागू करना हमारा संकल्प है.