यूपी के मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए अब रोजाना राष्ट्रगान गाना अनिवार्य होगा। योगी सरकार ने राज्य के सभी मदरसों में रोजाना राष्ट्रगान गाना अनिवार्य कर दिया है। योगी सरकार के इस फैसले पर मुस्लिम समुदाय ने आपत्ति जताई है। एक मौलाना ने कहा कि जब मदरसों में 15 अगस्त और 26 जनवरी को राष्ट्रगान गाया जाता है, तो इसे हर दिन अनिवार्य क्यों किया गया। उधर, सरकार ने इस फ़ैसले को मुस्लिम समुदाय के हित में बताया है।

राष्ट्रगान से बढ़ेगा राष्ट्रवाद-

यूपी मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि आज से राज्य के सभी मदरसे खुले हैं और उनमें आलिमों के लिए एक नया अध्ययन शुरू किया गया है। जरूरी है कि यहां के बच्चों में देशभक्ति की भावना का विकास हो। इसके लिए सुबह की पढ़ाई शुरू होने से पहले की जाने वाली नमाज के साथ राष्ट्रगान अनिवार्य कर दिया गया है।

दूसरे बच्चों की तरह ही दिखेंगे मदरसे के बच्चे-

मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम जारी रखेंगे कि ये बच्चे अन्य सामान्य स्कूली बच्चों की तरह दिखें और देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाएं।

धार्मिक के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा की भी आवश्यकता-

मिली जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी भी चाहते हैं कि मुस्लिम बच्चों के एक हाथ में कुरान और दूसरे हाथ में कंप्यूटर हो। इससे मुस्लिम समुदाय को आगे बढ़ाने की सकारात्मक सोच का पता चलता है। इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए अब बोर्ड ने फैसला किया है कि नए सेमेस्टर में मदरसों के बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा भी अनिवार्य होगी। साथ ही वह राष्ट्रवाद की भावना को आगे बढ़ाने के लिए हर दिन राष्ट्रगान भी गाएंगे।