MP Election 2023: चुनावी सरगर्मियां तेज़ होते ही राजनीति में दलबदल का सिलसिला भी ज़ोर पकड़ने लगता हैं. नेता अपनी सुविधाओं के अनुरूप पाला बदलने में जरा भी देर नहीं करते हैं. बीते लंबे समय से मध्यप्रदेश की राजनीति में भी नेताओं का दल बदलने का सिलसिला लगातार जारी है.
बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों में नेता इधर से उधर सेंधमारी कर रहें है. ऐसे में प्रदेश की सत्ता पर लंबे समय से काबिज बीजेपी भी अपने रूठों को मनाने में नाकाम नज़र आ रही हैं. यहीं कारण है कि टिकट नहीं मिलने से नाराज गुना के चाचौड़ा से पूर्व महिला विधायक ममता मीना ने बीजेपी से इस्तीफ़ा दे दिया है.

इस्तीफ़े के बाद उन्होंने बीजेपी कार्यालय के मैंन गेट पर मत्था टेका और चली गई. जिसका वीडियो भी तेज़ी से वायरल हो रहा हैं. ख़बरों की माने तो पूर्व विधायक ममता मीना जल्द ही आम आदमी पार्टी का दामन थाम सकती हैं. उम्मीद यह भी है कि उन्हें यहां से टिकट भी दिया जायेगा. हालांकि, इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
बीजेपी संगठन में बीतें 20 सालों से कई अहम् पदों पर क़ाबिज रहीं ममता मीना ने इस्तीफे के बाद मीडिया से चर्चा में कहा कि बीजेपी की दोहरी नीति के चलते हजारों कार्यकर्ताओं के कहने पर मैंने चुनाव मैदान में उतरने का मन बनाया है. इसी कारण आज मैंने सभी पदों के साथ प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा भोपाल में आकर दे दिया है.
नई बीजेपी में केवल अवसरवादीयों के लिए स्थान बचा- ममता मीना
ममता मीना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘ट्विटर’ के ज़रिये तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, प्रदेश बीजेपी कार्यालय में भगवान गणेश जी का पूजन कर बीजेपी परिवार को दुखी मन से अलविदा कहा. बीजेपी में वर्ष 2002 से सदस्य रहते हुए खून पसीना लगाकर चाचौड़ा में कांग्रेस के अभेद गढ़ को ध्वस्त किया और पार्टी को नींव से खड़ा करा और कार्यकर्ताओं की ढाल बनी. पार्टी को परिवार मानते हुए सर्वोपरि रखा.
उन्होंने आगे लिखा, आज नई बीजेपी में केवल अवसरवादीयों के लिए स्थान बचा है और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा. प्रदेश नेतृत्व के द्वारा विश्वासघात और छल किया जा रहा है. जिस पार्टी को माँ समान माना, उससे आज भारी मन से अलविदा.