MP Election 2023: भारतीय जनता पार्टी (BJP) मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से करीब तीन महीने पहले चुनावी तैयारियों के अगले चरण में जन आशीर्वाद यात्रा निकालने जा रही है. इसका रोडमैप भी तैयार कर लिया गया है. यात्रा प्रदेश के अलग-अलग पांच स्थानों से निकलने वाली है.

चुनावी माहौल में निकलने वाली जन आशीर्वाद यात्रा में बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे. यात्रा के समापन कार्यक्रम में ख़ुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल पहुंचेगे और यात्रा को संबोधित करेंगे. वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी यात्रा में शामिल होंगे. यात्रा से जुड़ी हुई तमाम जानकारियां भी बीजेपी की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से सामने रखीं.

वीडी शर्मा ने बताया कि मध्य प्रदेश में हर चुनाव में बीजेपी नेतृत्व जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से सरकार के जनकल्याण के कार्यों को प्रत्येक विधानसभा में जन-जन तक पहुँचाती है. इस वर्ष पाँच जनआशीर्वाद यात्राओं के माध्यम से जनता का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी लेगी. उन्होंने आगे कहा, बीजेपी ने पाँच जनआशीर्वाद यात्राओं का रोडमैप तैयार किया है.

  • पहली यात्रा- विंध्य संभाग के चित्रकूट से 3 सितंबर को प्रारंभ होगी, जिसका शुभारंभ अमित शाह करेंगे.
  • दूसरी यात्रा- महाकौशल के मंडला से 5 सितंबर को प्रारंभ होगी, इसका शुभारंभ भी अमित शाह ही करेंगे.
  • तीसरी यात्रा- इंदौर संभाग के खंडवा से 4 सितंबर से प्रारंभ होगी, जिसका शुभारंभ राजनाथ सिंह करेंगे.
  • चौथी यात्रा- उज्जैन संभाग से 4 सितंबर को प्रारंभ होगी, जिसका शुभारंभ भी राजनाथ सिंह ही करेंगे.
  • पांचवी यात्रा- ग्वालियर-चंबल संभाग के श्योपुर से 6 सितंबर को प्रारंभ होगी, इसका शुभारंभ जेपी नड्डा करेंगे.

 

बता दें कि यह पाँचों जनआशीर्वाद यात्राएं प्रदेश में 10 हजार 643 किमी की दूरी तय करेगी. इस दौरान 678 रथ सभाएं, 211 बड़ी सभाएं होंगी. पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर 25 सितंबर को इन पांचों यात्राओं का समागम भोपाल में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ में होगा. जिसमें 10 लाख कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे. कार्यकर्ता महाकुंभ को प्रधानमंत्री मोदी संबोधित करेंगे.