प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भोपाल के जंबूरी मैदान में भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करेंगे। महाकुंभ में प्रदेश भर से 10 लाख कार्यकर्ता शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। बीजेपी कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करने से पहले पीएम नरेंद्र मोदी करीब आधा किलोमीटर का रोड शो करेंगे।

इससे पहले सीएम शिवराज ने पीएम मोदी के आगमन और सम्बोधन को कार्यकर्ताओं को विजय के संकल्प की सिद्धि हेतु नई ऊर्जा व दिशा मिलने वाला बताया है। उन्होंने लिखा अत्‍यंत हर्ष व प्रसन्‍नता का विषय है कि आज देश के यशस्‍वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  जी राजा भोज की नगरी भोपाल की पुण्‍य धरा पर पधार रहे हैं। मैं समस्‍त मध्‍यप्रदेशवासियों की ओर से आपका हार्दिक स्‍वागत एवं अभिनंदन करता हूं।

सीएम शिवराज ने आगे लिखा कि मुझे पूर्ण विश्‍वास है कि आपके कुशल मार्गदर्शन में निश्चित ही प्रदेश भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को विजय के संकल्प की सिद्धि हेतु नई ऊर्जा व दिशा मिलेगी।

पीएम मोदी जंबूरी मैदान पर बने हैलीपैड पर उतरेंगे और फिर कार से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। पांडाल के बीचों बीच बने रोड पर पीएम प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए स्टेज पर पहुंचेंगे।