Indore News: इंदौर में सीबीआई की टीम ने एक रिटायर्ड अधिकारी के यहां पर छापेमारी की है. दरअसल, सीबीआई ने शुक्रवार सुबह रिटायर्ड बैंक अधिकारी ओम प्रकाश व्यास के घर पर छापा मारा है.

सीबीआई ने बड़े बैंक घोटाले का इनपुट मिलने के बाद यह कार्रवाई की हैं. सीबीआई टीम शुक्रवार सुबह इंदौर की पॉश कॉलोनी बसंत विहार पहुंची. यहां पहुंचते ही अधिकारियों ने सबसे पहले सभी के मोबाइल जब्त किये. फिर बाहर जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया. इस दौरान बाहरी व्यक्ति के भी अंदर जाने पर रोक लगा दी.

अधिकारी व्यास बैंक ऑफ इंडिया में पदस्थ थे. नौकरी के दौरान उन पर एक बड़े घपले का आरोप है. इसी मामले में अब सीबीआई उनके जमीन, मकान, बैंक खाते आदि की जानकारी जुटा रही है. आज सुबह छापेमारी के दौरान उनकी पत्नी घर पर ही थी. वहीं, एक बेटी मुंबई और एक विदेश में रहती है. हालांकि, इस छापेमारी को लेकर सीबीआई की तरफ से कोई ऑफिसियल स्टेटमेंट सामने नहीं आया हैं.