पूर्व मुख़्यमंत्री कमलनाथ को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल ब्रेक भले ही लगा हो लेकिन उनका गढ़ छिंदवाड़ा सबसे ज्यादा सुर्ख़ियों में है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ की इस सीट पर भाजपा कमल खिलाने को बेताब नज़र आ रही है। इस सीट पर पार्टी को मज़बूती देने मुख्यमंत्री मोहन यादव खुद बुधवार को छिंदवाड़ा पहुँच रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव 21 फरवरी को दोपहर 2:30 बजे पोला ग्राउंड छिंदवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 103.99 करोड़ रूपये लागत के 36 निर्माण कार्यो का लोकार्पण/भूमिपूजन करेंगे और हितग्राहियों को हितलाभ वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन कार्यक्रम एवं श्रीअन्न (मिलेट्स) मेले का शुभारंभ करेंगे और जनसभा में सहभागिता करने के साथ ही रोड-शो भी करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव 5 विभागों के 46.77 करोड़ रूपये लागत के 9 निर्माण कार्यो का भूमिपूजन और 7 विभागों के 57.22 करोड़ रूपये लागत के 27 विकास कार्यो का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव एमपी इंडस्ट्रियल डेव्हलेपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर के औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन कार्यक्रम के अंतर्गत 13 करोड़ रूपये लागत के औद्योगिक क्षेत्र लहगडुआ का भूमिपूजन और 74.27 करोड़ रूपये लागत के औद्योगिक विकास केन्द्र बोरगांव का लोकार्पण भी करेंगे।

श्रीअन्न मेले की के अंतर्गत श्रीअन्न को प्रोत्साहन देने के लिये जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर द्वारा निर्मित श्रीअन्न (मिलेट्स) के विभिन्न व्यंजन के स्टॉल जिसमें नूडल्स, पास्ता, कुकीज़, बिस्किट आदि उत्पादों का प्रदर्शन किया जायेगा और कार्यशाला में श्रीअन्न उत्पादन व प्रसंस्करण की तकनीकी जानकारी दी जायेगी जिसमें जिले के सभी विकासखंडों के किसान सहभागिता करेंगे।