मां नर्मदा का प्राकट्य दिवस 16 फरवरी शुक्रवार को देश-प्रदेश में मनाया जा रहा है। अमरकंटक से लेकर गुजरात तक हर घाट पर नर्मदा जयंती के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। नर्मदापुरम में नर्मदा जयंती और नगर गौरव दिवस दोनों एक साथ मनाये जा रहे हैं। जबलपुर, खरगोन, खंडवा और बड़वानी में भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव दोपहर में अमरकंटक पहुंचे। यहां उन्होंने मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की। सीएम ने अपने एक्स हैंडल पर इसका एक वीडियो भी शेयर किया है।
सीएम ने लिखा-आज नर्मदा जयंती के पुण्य अवसर पर मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक में दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जीवनदायिनी मैया नर्मदा के आशीर्वाद से प्रदेश में समृद्धि बनी रहे, दिव्य जल से जीवन धन्य रहे एवं मैया के स्नेह का प्रवाह इस धरा को पल्लवित करता रहे, यही प्रार्थना है।
सीएम का नर्मदापुरम जाने का भी प्लान है। यहां शाम को जल मंच से मां नर्मदा का पूजन, अभिषेक और आरती की जाएगी। सीएम के तौर पर यह उनका नर्मदापुरम का पहला दौरा है। नर्मदापुरम में 15 फरवरी से दो दिवसीय गौरव दिवस महोत्सव शुरू हो गया है। आज शुक्रवार को मुख्य कार्यक्रम है।
मुख्यमंत्री अमरकंटक, जबलपुर होते हुए शाम 4 बजे नर्मदापुरम पहुंचेंगे। शाम 4.15 से 5 बजे तक कलेक्टर कार्यालय नर्मदापुरम में कानून एवं व्यवस्था की बैठक आयोजित की जायेगी। शाम 5 से 6 बजे तक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर विभागीय समीक्षा करेंगे।
सीएम डॉ. यादव नर्मदापुरम में मुख्य समारोह में शामिल होंगे और नर्मदा मैया की पूजा-अर्चना के बाद 191.34 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसमें नगर निगम, जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावास, ओवरब्रिज, सड़कें और अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
गौरव पर्व और नर्मदा जयंती उत्सव के लिए पूरे नर्मदापुरम शहर को सजाया गया है। नर्मदा के सेठानी घाट सहित सभी तटों पर शुक्रवार सुबह से ही स्नान और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी है। आज शहर के सभी घाटों पर 80 हजार श्रद्धालुओं के नर्मदा पूजन करने की उम्मीद है। शहर के अलावा बैतूल, भोपाल और अन्य जिलों से भी लोग घाट पर आ रहे हैं।