विपक्षी दलों द्वारा गठबंधन के बाद पहले चुनाव में देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की काउंटिंग जारी है। ताजा रुझानों के मुताबिक़ NDA तीन सीटों पर बढ़त बनाये है। जबकि चार सीटों पर उसके प्रत्याशी पीछे चल रहे हैं।
उपचुनाव में सबसे ज्यादा निगाह यूपी की घोसी सीट पर गई जहाँ अभी समाजवादी पार्टी आगे है। उत्तराखंड की बागेश्वर और केरल की पुथुपल्ली सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। त्रिपुरा की दोनों सीट- बॉक्सानगर और धनपुर और झारखंड की डुमरी से बीजेपी आगे चल रही है।
I.N.D.I.A गठबंधन की पार्टियों ने 5 सीट- घोसी (UP), बागेश्वर (उत्तराखंड), डुमरी (झारखंड), बॉक्सानगर और धनपुर (त्रिपुरा) पर NDA के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ा है। वहीं, धुपगुड़ी (बंगाल) और पुथुपल्ली (केरल) में I.N.D.I.A गठबंधन की पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं।
पांच सीटों पर मौजूदा विधायक का निधन होने के चलते चुनाव हुए हैं। घोसी और धनपुर सीट पर मौजूदा विधायकों के इस्तीफा देने की वजह से चुनाव हुए हैं। जुलाई में समाजवादी पार्टी के विधायक दारा सिंह चौहान के इस्तीफा देने के बाद घोसी सीट खाली हुई थी। दारा सिंह ने सपा छोड़कर भाजपा जॉइन कर ली थी। अब उन्होंने भाजपा के टिकट पर दोबारा चुनाव लड़ा है।