MP News: मध्य प्रदेश में चुनावी साल है, ऐसे में सरकार के पास विकास के दावों की एक लंबी फेहरिस्त हैं। जिसमें ग्रामीण अंचलों को शहरी क्षेत्रों से पक्की सड़कों के जरिये जोड़ने का दावा भी शामिल हैं। हालांकि, एक वायरल वीडियो ने इन बड़े-बड़े दावों की पूरी पोल खोल दी।

पहले ये तस्वीर देखिए, जिसमें चार लोग एक गर्भवती महिला को कंधे पर लटकाकर करीब पांच किलोमीटर दूर खड़ी एम्बुलेंस तक पैदल लेकर जाते हैं। इस कठिनाई से गुजरने के बाद महिला अस्पताल तो पहुँचती हैं लेकिन प्रसव बीच रास्ते में ही हो जाता हैं।

दरअसल, मामला बड़वानी जिले के पानसेमल विकासखंड के ग्राम खामघाट का है। यहीं पर रहती हैं रिंगाबाई। जिन्हें शनिवार प्रसव पीड़ा हुई तो परिजनों ने तुरंत एम्बुलेंस को बुला लिया। लेकिन, खराब सड़क और नाले में पानी के कारण एम्बुलेंस को भी गांव से करीब 5 किलोमीटर दूर ही रुकना पड़ गया।

परिजनों ने बड़ी कठिनाइयों का सामना करते हुए नाले के बीच से मरीज महिला को बांस और कपड़े के सहारे झोली बनाकर लटकाते हुए एम्बुलेंस तक पहुंचाया। तभी बीच रास्ते में ही प्रसव होने के बाद उसे पानसेमल के अस्पताल ले जाया गया। 

शनिवार को उसे वहीं रखा गया, उसकी हालत खराब होने पर रविवार को डॉक्टर ने उसे बड़वानी जिला अस्पताल रैफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक, महिला को एनिमिक होने की वजह से बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया था। फिलहाल, जच्चा और बच्चा दोनों अभी बड़वानी जिला अस्पताल में भर्ती है और पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं।

अब आप ही सोचिए एक तरफ प्रदेश में लंबे समय से सत्ता पर काबिज शिवराज सरकार ने अपने विकास कार्यों के जरिये जन आशीर्वाद यात्रा निकाली। तो वहीं दूसरी तरफ जनता उसी विकास के अभाव में परेशानियों का सामना कर रहीं हैं।