MP Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती अब शुरू हो गई है. ऐसे में जनता को लुभाने के लिए सभी दल नए-नए पैंतरे अपनाने में लगे हुए हैं. एक तरफ कांग्रेस ‘वचन पत्र’ तैयार करने में लगी हुई है. वहीं, भाजपा जनता के बीच जाकर अपना ‘घोषणा पत्र’ बनाने का दावा कर रही है.
भाजपा की ‘घोषणा पत्र समिति’ के मुखिया जयंत मलैया ने बताया कि पूरे प्रदेश भर में पेटियां लगवाकर जनता के सुझाव लिए जाएंगे. साथ ही ऑनलाइन भी लोग अपनी राय दे सकते हैं. अब भाजपा की इस ‘घोषणा पत्र समिति’ पर पलटवार करते हुए कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का एक बयान सामने आया है. कमलनाथ ने ट्विटर के ज़रिये भाजपा पर निशाना साधा हैं.
MP में चुनावी साल! कमलनाथ का वार
कमलनाथ ने ट्विटर पर एक पोस्ट में लिखा, सुना है भाजपा अपने घोषणा पत्र के लिए विधानसभाओं में ‘सुझाव पेटी’ लेकर जा रही है. जनता सुझाव देने की जगह भाजपा से ये ‘सवाल’ पूछेगी कि सौदेबाजी कर आपने जनता की चुनी सरकार को क्यों गिराया? मतलब हमारे ‘चुनाव-सुझाव’ के रूप में चुनी हुई सरकार को क्यों गिराया और ये भी कि कितने में गिराया, और ख़र्चा किया हुआ पैसा फिर कहाँ-कहाँ से कमाया?
इतना ही नहीं कमलनाथ ने आगे यह भी बताया कि अगर बीजेपी जनता के बीच ‘सुझाव पेटी’ लेकर जाएगी तो उन्होंने किस तरह के सुझाव मिलेंगे. इस पर उन्होंने लिखा, जनता भाजपा को कुछ सुझाव तो ये देगी कि-
- देश को और न बाँटें.
- नफरत और डर फैलाने का एजेंडा बंद करें.
- महिलाओं का अब और अपमान न करें.
- नौकरी-परीक्षा के घोटालों से जन्मी बेरोजगारी से युवाओं को बचाएं.
- गरीबों, किसानों, मजदूरों का शोषण रोकें.
- काम-कारोबार व विकास को भ्रष्ट नीतियों से न मारे.
- आदिवासियों-दलितों का उत्पीड़न-शोषण न करें.
- मुनाफाखोरों से कमीशन खाकर महंगाई न बढ़ाएं.
- MP को भाजपाई भ्रष्टाचार का मॉडल न बनाएँ.
भाजपा का घोषणा पत्र, जुमलों का झुनझुना- कमलनाथ
बीजेपी के घोषणा पत्र पर कटाक्ष करते हुए कमलनाथ ने आगे लिखा, आज जब जनता का भाजपा पर ही विश्वास नहीं रहा है तो उसके घोषणापत्र पर क्या होगा. भाजपा को ‘सुझाव पेटी’ की जगह जनता की समस्याओं के समाधान के लिए ‘सुलझाव पेटी’ लानी चाहिए, लेकिन भाजपा ऐसा नहीं करेगी क्योंकि लोगों को फालतू के मुद्दों में उलझाये रखने, गुमराह करने में ही वो अपनी राजनीतिक सफलता मानती हैं.
उन्होंने आगे लिखा, भाजपा याद रखे, न काठ की हांडी बार-बार चढ़ती है, न ‘भेड़िया आया-भेड़िया आया’ की कहानी हर बार चलती है. भाजपा का घोषणा पत्र हर बार जुमलों का झुनझुना साबित होता है.
अमित शाह करेंगे ऑफिशियल लॉन्चिंग-
बता दें कि भाजपा ने पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया के नेतृत्व में घोषणा पत्र समिति का गठन किया गया है. इस समिति में कुल 19 सदस्य है. साथ ही प्रभात झा को सह-प्रमुख बनाया गया है. इस समिति में दो रिटायर्ड IAS अधिकारी भी शामिल है. घोषणा पत्र तैयार होने के बाद अमित शाह ऑफिशियल लॉन्चिंग करेंगे.