भोपाल: राज्य के वन विभाग के विभिन्न कार्यालयों पर बिजली के बिल का 7 करोड़ 48 लाख रुपये बकाया है। लम्बे समय से इसका भुगतान नहीं किया जा रहा है। ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव संजय दुबे ने वन विभाग के एसीएस जेएन कंसोटिया को पत्र लिखकर कहा है कि बिजली का बिल न भरे जाने से विद्युत कंपनियों की वाणिज्यिक साध्यता प्रभावित हो रही है और वितरण कंपनियों द्वारा विद्युत उत्पादकों को समय पर भुगतान नहीं किया जा पा रहा है। इससे कोयला कंपनियों को भी भुगतान में कठिनाई हो रही है। इसलिये शीघ्र इन बिलों का भुगतान किया जाये।
प्रमुख सचिव ऊर्जा ने पत्र में बताया है कि वन विभाग के 52 जिलों में स्थित कुल 2 हजार 717 विद्युत कनेक्शनों पर कुल 7 करोड़ 48 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। एसीएस कंसोटिया ने वनबल प्रमुख को निर्देश दिये हैं कि तीन दिन के अंदर इन बिजली बिलों का निराकरण कर उसका पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।