नगरीय निकाय के प्रथम चरण का मतदान बुधवार को शुरू हो गया। पहले चरण में 11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद के लिए सुबह से मतदान केंद्रों और नगर सरकार चुनने लाइनें दिखना शुरू हो गईं। वहीं प्रदेश के कई मतदान केंद्रों पर EVM खराब होने के शिकायत भी आ रही है।
पहले चरण के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है, सुबह से ही मतदान केंद्रों पर नगर सरकार चुनने मतदाता उमड़ने लगे। प्रदेश के जिन 11 नगर निगमों के चुनाव हो रहे हैं उनमे भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, खंडवा, बुरहानपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, उज्जैन, सागर, सिंगरौली और सतना शामिल हैं। इसके अलावा 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद में मतदान हो रहे हैं।
भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने सपत्नीक , 74 बंगले स्थित मतदान केंद्र पर किया मतदान
.png)
मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। 11 नगरपालिक निगम में महापौर पद के 101 अभ्यर्थी मैदान में हैं। कुल 133 नगरीय निकाय में 2850 पार्षद के पद हैं। इनमें से 42 निर्विरोध चुने जा चुके हैं। शेष 2808 पद पर निर्वाचन होना है। इसके लिए 11 हजार 250 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं।
प्रथम चरण में वोटिंग के लिए कुल 13 हजार 148 मतदान केन्द्र बनाये गए हैं। इनमें से 3296 मतदान केन्द्र संवेदनशील हैं। मतदान दलों में लगभग 79 हजार कर्मचारी-अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। लगभग 27 हजार पुलिस बल को डिप्लॉय किया गया है।
प्रथम चरण में एक करोड़ 4 लाख 41 हजार 897 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें से 53 लाख 62 हजार 457 पुरुष और 50 लाख 78 हजार 635 महिला तथा 805 अन्य मतदाता हैं। नगर पालिक निगम ग्वालियर में 10 लाख 68 हजार 267 मतदाता, सागर में 2 लाख 22 हजार 584, सतना में 2 लाख 14 हजार 188, सिंगरौली में 2 लाख 5 हजार 886, जबलपुर में 9 लाख 76 हजार 61, छिंदवाड़ा में एक लाख 90 हजार 742, भोपाल में 17 लाख 6 हजार 735, खंडवा में एक लाख 75 हजार 644, बुरहानपुर में एक लाख 77 हजार 666, इंदौर में 18 लाख 35 हजार 955 और उज्जैन में 4 लाख 61 हजार 169 मतदाता हैं। इस तरह से सर्वाधिक मतदाता इंदौर और सबसे कम मतदाता खंडवा नगर पालिका निगम में हैं।