मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बोरवेल में गिरे 6 साल के मासूम बच्चे को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार 15 घंटे से राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। रीवा में शुक्रवार से हो रही बारिश के कारण बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है।

शुक्रवार को एक छह साल का मासूम बच्चा बोरवेल में गिर गया। रातभर से लगातार 8 से 10 जेसीबी खुदाई कर रही हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल पाई है। रीवा में रात में बारिश के कारण बचाव कार्य में बाधा आई। जानकारी के मुताबिक अभी तक बच्चे की कोई हरकत नहीं देखी गई है। बताया जा रहा है कि बच्चा करीब 160 फीट की गहराई में फंसा हुआ है।

जिला कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस के आला अधिकारी पूरे रेस्कयू पर नजर रखे हुए हैं। सभी घटना स्थल पर स्वम मौजूद हैं। अधिकारियों ने बताया कि घटना रीवा जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर जनेह थाना क्षेत्र के मनिका गांव में हुई। शुक्रवार को बच्चा खेलते-खेलते अचानक खुले बोरवेल में गिर गया। रीवा की जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने कहा कि राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) की एक टीम बच्चे को बचाने के लिए बचाव अभियान जारी रखे हुए है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर ने बताया कि बोरवेल के अंदर पाइप के जरिए ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। बच्चे की स्थिति पर नजर रखने के लिए बोरवेल के अंदर एक सीसीटीवी कैमरा भी भेजा गया था। फिलहाल कैमरा बच्चे के करीब नहीं है। बताया जा रहा है कि बोरवेल करीब 160 फीट गहरा है।

अधिकारियों ने बताया कि बच्चे को बचाने के लिए बोरवेल के समानांतर एक गड्ढा खोदा जा रहा है। रेस्क्यू के लिए वाराणसी से एनडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई है। बेमौसम बारिश के कारण बच्चे को बचाने के ऑपरेशन में भी दिक्कत आ रही है।

छह वर्षीय मयंक के पिता विजय आदिवासी ने बताया शुक्रवार शाम को वह अन्य बच्चों के साथ खेत में खेल रहा था। तभी खेलते-खेलते वह एक खुले बोरवेल के पास पहुंच गया और उसमें गिर गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और रेस्क्यू टीम बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ऑपरेशन चला रही है।

रेस्क्यू टीम बोरवेल के पैरेलल 8 जेसीबी मशीन से खुदाई कर रही है, फिलहाल बच्चे का कोई मूवमेंट नहीं दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि उसके ऊपर मिट्टी आने से वह और गहराई में चला गया।