MP News: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से भीषण सड़क हादसे की दर्दनाक ख़बर सामने आई हैं. दरअसल, पुनासा के नजदीक सनावद रोड पर दौलतपुरा फाटे के पास ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में पांच युवकों की मौत हो गई.

पुनासा चौकी अंतर्गत दौलतपुरा फाटे के पास कार क्रमांक एमपी 09 डब्लूजी 0293 की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे ये भीषण हादसा हो गया. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि कार में भारत निवासी कांकरिया, मनीष निवासी दोगावाँ, पुखराज नामदेव निवासी दोगावाँ, आदित्य शर्मा निवासी कसरावद और अलकेश भारुड निवासी दोगावाँ सवार थे. ये सभी मृतक खरगोन जिले के निवासी थे.

खबरों के मुताबिक, गुरुवार देर रात पांचों दोस्त अलकेश के साले महेश यादव के घर खंडवा के दौलतपुरा गए थे. सभी रात करीब 10 बजे वापस खरगोन के लिए निकले. तभी रास्ते में हादसे का शिकार हो गए. शुक्रवार सुबह 7 बजे पुनासा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शवों का पोस्टमार्टम हुआ. 

जिसके बाद सभी के शव उनके गांव पहुंचा दिए गए. इन सभी का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर में किया गया. इनमें से चार दोस्तों की अर्थी एक साथ उठी. जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं. हालांकि, हादसे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है.