MP Election 2023: मध्यप्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में प्रदेश की सियासी सरगर्मियां काफी तेज़ हैं. बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों में नेताओं का दल बदलने का सिलसिला लगातार जारी है.

कांग्रेस ने एक बार फिर बीजेपी को बड़ा झटका दिया हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि होशंगाबाद (नर्मदापुरम) के पूर्व विधायक गिरजाशंकर शर्मा ने आज कांग्रेस का दामन थाम लिया है. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उन्हें पार्टी में शामिल किया. इसके साथ ही टीकमगढ़ जिला पंचायत उपाध्यक्ष भक्ति तिवारी भी कांग्रेस में शामिल हुए हैं.

बीजेपी के पूर्व विधायक ने थामा कांग्रेस का दामन-

अगर हम गिरजाशंकर शर्मा की बात करें तो ये दो बार विधायक, दो बार बीजेपी के जिला अध्यक्ष और नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके हैं. उन्होंने लंबे समय तक पार्टी के लिए काम किया. ऐसे में जमीनी स्तर पर बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी पकड़ काफी मजबूत है.

उनके कांग्रेस में शामिल होने से उम्मीद यहीं जताई जा रही हैं कि नर्मदापुरम में पार्टी को काफी फ़ायदा होगा. कांग्रेस को अब यहां और ज्यादा मजबूती मिलेगी. जिसका असर आने वाले विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा.

गिरजाशंकर शर्मा बड़े काफिले के साथ पहुंचे भोपाल-

कांग्रेस की सदस्यता हासिल करने के लिए गिरजाशंकर शर्मा 100 से 150 गाड़ियों के काफिले के साथ भोपाल पहुंचे. इससे पहले उन्होंने मां नर्मदा के दर्शन किये. उनके काफिले में ना सिर्फ ग्रामीण बल्कि शहरी क्षेत्र के कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता भी शामिल हैं. बता दें कि उन्होंने 9 दिन पहले ही बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था. जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वो कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं.