MP News: मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व गृह राज्य मंत्री रामदयाल अहिरवार का रविवार यानी 13 अगस्त को निधन हो गया है. उन्होंने बीमारी के चलते 75 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया.
वे छतरपुर की विश्वनाथ कॉलोनी में रहते थे. आज सुबह परिवार ने उनके निधन की पुष्टि की है. रामदयाल अहिरवार महाराजपुर एवं चंदला क्षेत्र से बीजेपी विधायक रहे थे.
वीडी शर्मा बोले- संगठन के लिए बड़ी क्षति
वहीं, उनके निधन पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दुख जताते हुए कहा, चंदला विधानसभा से पूर्व विधायक व प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री रामदयाल अहिरवार के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. क्षेत्र के विकास एवं संगठन के विस्तार में स्वर्गीय राम दयाल जी का योगदान अविस्मरणीय है.
उन्होंने आगे कहा, रामदयाल जी का निधन संगठन एवं चंदला विधानसभा के लिए बड़ी क्षति है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकमय परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें, विनम्र श्रद्धांजलि.