MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीख के ऐलान के साथ ही आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है. जिसके चलते प्रशासन हर एक विधानसभा क्षेत्र में काफी एक्टिव हैं. चुनाव में किसी भी तरह की धांधली न हो इसके लिए जिला स्तर पर अलग-अलग टीमें बनाई गई है. 

जो चेकिंग से लेकर पैसों की हेरफेर से लेकर अवैध तरीके से शराब ले जाने वालों पर नज़र बनाये हुए हैं. इसमें चेकिंग के लिए भी अलग-अलग जगहों पर चेक पोस्ट बनाए जा रहे हैं. इसी का परिणाम है कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद पहली बार सोमवार को बड़वानी में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 45 किलो चांदी और 700 ग्राम सोना जब्त किया.

दरअसल, एमपी के सटे राज्यों की सीमा पर चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही है. इसी के चलते नेशनल हाईवे पर मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित बिजासन घाट पर वाहन चेकिंग के दौरान एक कार को रोककर जांच की गई तो उसमें से करोड़ों रुपए की 45 किलो चांदी और 700 ग्राम सोना प्राप्त हुआ.

ख़बरों के मुताबिक, कार चालक युवक उत्तम सोनी महाराष्ट्र से सोना-चांदी लेकर इंदौर की तरफ आ रहा था. जिसे एसएसटी टीम ने बिजासन घाट पर रोक लिया गया था. जिसके बाद सोने और चांदी के साथ इंदौर निवासी युवक उत्तम सोनी को सेंधवा आयकर विभाग के कार्यालय पर लाया गया. जहां उत्तम सोनी के द्वारा सोने-चांदी के बिल नहीं दिखाने पर प्रशासन के द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है.

बता दें कि यह कार महाराष्ट्र के शिरपुर से आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग से इंदौर की तरफ तेज़ रफ़्तार से जा रही थी. उसकी दौरान एक चेक पोस्ट पर तलाशी लिए जाने पर बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण बरामद किये गए. अब जिन्हें प्रशासन ने जब्त कर लिया है.